Healthy Sleep Habits: आजकल गैजेट्स पर बढ़ती निर्भरता, दिनभर मोबाइल चलाने की आदत और तेज़ रफ्तार, अनियमित दिनचर्या के कारण नींद न आना एक आम समस्या बन गई है। कई बार ऐसा होता है कि पूरा दिन शारीरिक और मानसिक थकान के बावजूद रात में आंखों से नींद गायब रहती है। इसी समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने अच्छी और गहरी नींद के लिए लोगों को जरूरी सलाह दी है।

नीली रोशनी का दिमाग पर असर
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल, टीवी, लैपटॉप या किसी भी तरह की स्क्रीन से पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए। स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी दिमाग को लगातार सक्रिय रखती है और मेलाटोनिन हार्मोन के बनने में रुकावट डालती है। यही हार्मोन नींद लाने में मदद करता है। इसके कारण नींद आने में देर होती है और नींद बार-बार टूटती है, जिससे सुबह उठने पर थकान, चिड़चिड़ापन और तनाव महसूस होता है।
Healthy Sleep Habits: अच्छी नींद के लिए जरूरी आदतें
अगर यह आदत लंबे समय तक बनी रहे, तो इसका स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है, ध्यान लगाने में परेशानी होती है, मोटापा बढ़ सकता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोने से पहले स्क्रीन का इस्तेमाल बंद करना गहरी और सुकून भरी नींद पाने का सबसे आसान और असरदार तरीका है।

शाम के समय शांत और हल्की गतिविधियों को अपनाना फायदेमंद होता है। जैसे कोई अच्छी किताब पढ़ना, हल्का संगीत सुनना, गहरी सांस लेने का अभ्यास करना, परिवार के साथ थोड़ी बातचीत करना, हल्की स्ट्रेचिंग करना या ध्यान लगाना। ये सभी चीजें मन को शांत करती हैं, तनाव कम करती हैं और शरीर को नींद के लिए तैयार करती हैं।
गहरी नींद से बेहतर स्वास्थ्य
इसके साथ ही रोज़ एक तय समय पर सोने और जागने की आदत बनानी चाहिए। सोने का कमरा अंधेरा और थोड़ा ठंडा रखें। रात के समय कैफीन युक्त चीजें या भारी भोजन लेने से भी बचना चाहिए।

विशेषज्ञों के मुताबिक, हर उम्र के व्यक्ति के लिए 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद बेहद जरूरी है। खासकर बच्चे और युवा ज्यादा स्क्रीन टाइम की वजह से नींद की कमी से जूझ रहे हैं। अगर आप भी रात में देर तक मोबाइल चलाते हैं और सुबह उठकर खुद को थका हुआ महसूस करते हैं, तो आज से ही इस आदत में बदलाव करने की कोशिश करें।
ये भी पढ़ें…रसोई का मसाला या आयुर्वेदिक औषधि? सोंठ के चमत्कारी फायदे






