Heart Attack: अलीगढ़ के जट्टारी कस्बे के माजरा फाजिलपुर में मंगलवार सुबह उस समय माहौल गमगीन हो गया जब वायु सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय रजत अत्री की अचानक मौत हो गई। रजत सुबह रोज की तरह दौड़ अभ्यास के लिए घर से निकले थे, लेकिन लौटकर वापस नहीं आ सके।
ईंट भट्ठे के पास दौड़ते समय अचानक गिरे
जानकारी के अनुसार रजत सुबह करीब 5:30 बजे उसरह रोड पर दौड़ लगा रहे थे। उसरह नगलिया मार्ग पर स्थित ईंट भट्ठे के पास वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। पास ही दौड़ रहे अन्य युवकों ने उन्हें बेहोश हालत में देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
Heart Attack: दो अस्पतालों में ले गए, डॉक्टरों ने हार्ट अटैक बताया कारण
परिजन पहले रजत को जट्टारी के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नोएडा ले जाया गया, लेकिन वहां भी चिकित्सा दल ने कोई उम्मीद नहीं दिखाई। परिवार के अनुसार डॉक्टरों ने मौत का मुख्य कारण हार्ट अटैक बताया।
सेना में जाने का सपना अधूरा रह गया
रजत अत्री बीएससी के छात्र थे और साथ ही सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। दो महीने पहले वह वायु सेना में सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा पास कर चुके थे। उनकी पूरी मेहनत अब आगामी दौड़ परीक्षा को पास करने पर केंद्रित थी, लेकिन अचानक आई मौत ने पूरे परिवार का सहारा छीन लिया।
गांव में शोक की लहर, चूल्हे तक नहीं जले
Heart Attack: रजत तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पिता रामकुमार सिंह खेती के साथ कस्बे में कोचिंग भी संचालित करते हैं। युवा की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। घरों में चूल्हे तक नहीं जले और हर कोई स्तब्ध नजर आया।
यह भी पढ़े…यूनेस्को ने दिवाली को दिया वैश्विक सम्मान, भारत में जश्न







