Indian Market Opening: वैश्विक बाजारों में बिकवाली का असर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सुबह करीब 9 बजकर 18 मिनट पर सेंसेक्स हल्की कमजोरी के साथ 83,235.55 अंक पर और निफ्टी 56 अंक फिसलकर 25,586 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर दबाव
शुरुआती सत्र में ऑयल एवं गैस, निजी बैंक, ऊर्जा और वित्तीय सेवाओं से जुड़े शेयरों में कुछ खरीदारी देखी गई। वहीं आईटी, फार्मा, हेल्थकेयर, मीडिया, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े शेयर दबाव में रहे।
बाजार में सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 315 अंक यानी 0.53 प्रतिशत गिरकर 59,201 पर आ गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 193 अंक या 1.14 प्रतिशत टूटकर 16,790 पर पहुंच गया।

Indian Market Opening: सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त और गिरावट वाले शेयर
सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। वहीं टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बीईएल, एशियन पेंट्स, इटरनल, इंडिगो और ट्रेंट के शेयर नुकसान में रहे।
रेपो दर को लेकर विशेषज्ञों का अनुमान
निवेशकों की नजर भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति के फैसले पर टिकी हुई है, जिसका ऐलान गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे करने वाले हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी की एमपीसी बैठक में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर ही बनाए रखा जा सकता है। इसके साथ ही जीडीपी और महंगाई के अनुमान भी यथावत रहने की संभावना है। हालांकि यूरोप और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बाद आरबीआई की टिप्पणियां अहम मानी जा रही हैं।

सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट
गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर महीने में आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की थी।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ज्यादातर शेयर बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता के बाजार लाल निशान में रहे, जबकि बैंकॉक का बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। अमेरिकी शेयर बाजार भी गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
कमोडिटी बाजार की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। कॉमेक्स बाजार में सोना करीब एक प्रतिशत और चांदी लगभग 5 प्रतिशत तक नीचे कारोबार कर रही थी।







