Indian Stock Market Rally: वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के कारण मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। कारोबार शुरू होते ही बीएसई सेंसेक्स 809 अंक यानी करीब 1 प्रतिशत बढ़कर 78,375.73 के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी भी 252 अंक या लगभग 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,280.80 पर पहुंच गया।
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में सबसे ज्यादा तेजी
दिन की शुरुआत में बाजार की तेजी में सबसे बड़ा योगदान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर का रहा। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा ऑटो, पीएसयू बैंक, रियल्टी, मैन्युफैक्चरिंग, मेटल, फार्मा, डिफेंस, हेल्थकेयर, मीडिया, कमोडिटी और एनर्जी जैसे कई सेक्टरों में भी तेजी देखने को मिली। हालांकि आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयर गिरावट में रहे और लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
Indian Stock Market Rally: मिडकैप और स्मॉलकैप में जोरदार तेजी
बाजार की तेजी सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 618 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 56,884 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 224 अंक यानी 1.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,357 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स में गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में शामिल कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मजबूती देखी गई। इनमें इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और सन फार्मा जैसे शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इटरनल, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, आईटीसी, एक्सिस बैंक और पावर ग्रिड के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में तेजी, कच्चा तेल गिरा
एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर जगह तेजी का माहौल देखने को मिला। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, जकार्ता और सोल के शेयर बाजार हरे निशान में खुले। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार भी सोमवार के सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाओ जोन्स इंडेक्स में 0.50 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 1.38 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
निवेशकों की गतिविधियों की बात करें तो विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई ने सोमवार को बाजार में 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी डीआईआई ने 9,013.80 करोड़ रुपये का निवेश इक्विटी बाजार में किया।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमत 6.30 प्रतिशत गिरकर 88.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई थी। वहीं ब्रेंट क्रूड 6.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 92.69 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।







