iPhone Production India: दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल ने 2025 में भारत में अपने उत्पादन को लगभग 53% बढ़ा दिया, जिसके तहत इस साल कुल 5.5 करोड़ यूनिट्स असेंबल की गईं। पिछले वर्ष यह संख्या 3.6 करोड़ यूनिट्स थी। यह जानकारी विभिन्न रिपोर्ट्स में साझा की गई है।

एप्पल बढ़ा रहा भारत उत्पादन
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल अब अमेरिका में चीन से आने वाले टैरिफ्स से बचने के लिए अपने लगभग एक चौथाई फ्लैगशिप प्रोडक्ट्सका निर्माण भारत में कर रहा है।वैश्विक स्तर पर एप्पल हर साल लगभग 22-23 करोड़ आईफोन का उत्पादन करता है, और भारत में इसका हिस्सा तेजी से बढ़ रहा है। इसका मुख्य कारण भारत सरकार द्वारा प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना के तहत दिए जाने वाले प्रोत्साहन हैं।
PLI स्कीम की वजह से भारत में उत्पादन से जुड़ी कमजोर आपूर्ति श्रृंखलाओं और लॉजिस्टिक्स से जुड़े खर्च जैसी संरचनात्मक चुनौतियों को कम करने में मदद मिली है।

iPhone Production India: भारत में आईफोन बिक्री 9 अरब
अब एप्पल भारत में अपने आईफोन 17 सीरीज के सभी मॉडल्स, जिसमें प्रो और प्रो मैक्स मॉडल्स शामिल हैं, को फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और पेगाट्रॉन कॉर्प के माध्यम से उत्पादन कर रही है। पुराने मॉडल जैसे आईफोन 15 और 16 भी स्थानीय स्तर पर निर्मित हो रहे हैं, जो घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों के लिए तैयार किए जा रहे हैं।
भारत में एप्पल की बिक्री अब 9 अरब डॉलर से अधिक हो चुकी है। कंपनी ने इस कारण अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार किया है और अब देश में कुल 6 स्टोर चालू हो चुके हैं। साथ ही, एप्पल इस साल के अंत तक भारत में एप्पल पे लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

भारत से एप्पल आईफोन निर्यात बढ़ा
इंडस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में भारत से निर्यात होने वाली सबसे मूल्यवान वस्तु एप्पल का आईफोन बन गया है। देश में स्थित प्लांट्स से लगभग 23 अरब डॉलर मूल्य के आईफोन निर्यात किए गए, जिनमें अधिकांश निर्यात अमेरिका के लिए हुआ।
जनवरी से दिसंबर 2025 तक, कुल 30.13 अरब डॉलर के स्मार्टफोन निर्यात के साथ यह पहली बार हुआ कि स्मार्टफोन भारत की शीर्ष निर्यात श्रेणीमें शामिल हो गया। इसी दौरान, कुल स्मार्टफोन निर्यात में एप्पल की हिस्सेदारी 76% रही।







