IPL 2026: तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू कर अपने क्रिकेट करियर का बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। ‘रफ्तार सिंह’ के नाम से मशहूर अशोक की सफलता के पीछे उनके बड़े भाई का त्याग और संघर्ष भरी कहानी भी जुड़ी है।
150 किमी की रफ्तार से बनाई पहचान
अशोक शर्मा अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और 140-150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने अपनी स्पीड और आक्रामक गेंदबाजी से खास पहचान बनाई। उनकी गेंदबाजी ने विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया, जिसके चलते उन्हें आईपीएल में मौका मिला।
IPL 2026: संघर्ष और परिवार का साथ
17 जून 2002 को जयपुर के पास रामपुरा गांव में जन्मे अशोक एक किसान परिवार से आते हैं। पिता चाहते थे कि वह पढ़ाई करें, लेकिन उनके बड़े भाई अक्षय ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और खुद क्रिकेट छोड़ दिया ताकि अशोक अपने सपने पूरे कर सकें। बाद में अशोक को अरावली क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग मिली, जहां से उनके करियर को नई दिशा मिली।
आईपीएल तक का सफर
अशोक ने पहले राजस्थान रॉयल्स के साथ नेट बॉलर के रूप में काम किया। आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें खरीदा, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद गुजरात टाइटंस ने उन पर 90 लाख रुपये का दांव लगाया। घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें टी20 में 22 विकेट और लिस्ट-ए में 13 विकेट शामिल हैं। अब आईपीएल डेब्यू के साथ अशोक ने अपने सपनों को नई उड़ान दे दी है।







