Israel Iran War raisen: मध्य प्रदेश के रायसेन स्थित ऐतिहासिक किले से तोप चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक किले की पहाड़ी पर खड़े दिखाई दे रहे हैं और कथित तौर पर ईरान के समर्थन में नारे लगाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद एक युवक माचिस से तोप में आग लगाता है और तोप चलने के बाद आसपास का इलाका धुएं से भर जाता है।
दो अलग-अलग वीडियो जोड़कर बनाया गया
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो को “danish_star_” नाम की सोशल मीडिया आईडी से अपलोड किया गया है। इसमें दो अलग-अलग वीडियो क्लिप को जोड़कर एक नया वीडियो तैयार किया गया है। वीडियो में वॉइसओवर और बैकग्राउंड म्यूजिक भी जोड़ा गया है, जिससे इसे ज्यादा प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है। वीडियो में दिख रहे चार युवक और तोप चलाते हुए दिख रहा व्यक्ति अलग-अलग समय पर शूट किए गए वीडियो का हिस्सा बताए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में एडिट कर एक साथ जोड़ दिया गया।
Israel Iran War raisen: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब तक इसे करीब 4 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं, जबकि 100 से ज्यादा कमेंट आ चुके हैं। इसके अलावा वीडियो को लगभग 1200 बार शेयर किया जा चुका है।
Israel Iran War raisen: रमजान में तोप चलाने की पुरानी परंपरा
बताया जा रहा है कि यह वीडियो रमजान के दौरान रोजेदारों को सेहरी और इफ्तार का समय बताने के लिए तोप चलाने के दौरान बनाया गया हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल रमजान के महीने में प्रशासन द्वारा रायसेन किले से तोप चलाने के लिए लाइसेंस दिया जाता है। सेहरी के समय सुबह करीब 3:30 बजे और शाम को इफ्तार के वक्त तोप चलाकर रोजेदारों को समय की सूचना दी जाती है। यह परंपरा नवाबी दौर से चली आ रही है।
प्रियंक कानूनगो ने उठाए सवाल
वायरल वीडियो को लेकर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित किले से आवासीय इलाके की ओर देसी तोप चलाना जनजीवन के लिए खतरा हो सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गैर-कानूनी हथियार बनाने, गोला-बारूद चलाने, दहशत फैलाने और ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने कहा- जांच के बाद कार्रवाई होगी
रायसेन के तहसीलदार भरत मांडरे ने कहा कि उन्हें वीडियो के बारे में जानकारी मिली है और मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल में ट्रंप के पोस्टर को लेकर भी विवाद
इसी बीच भोपाल के नरेला क्षेत्र की बिस्मिल्लाह कॉलोनी में एक कार्यक्रम के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोस्टर को जमीन पर रखकर उस पर पैर रखने का मामला भी सामने आया। कार्यक्रम के दौरान “इजराइल मुर्दाबाद” और “अमेरिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए। इस दौरान मौलाना रज-उल-हसन हैदरी ने कहा कि दुनिया में जालिम ताकतें बेगुनाह लोगों पर अत्याचार कर रही हैं। उन्होंने समुदाय से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील भी की। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
यह भी पढे़ : T20 Final: विश्व कप फाइनल के लिए अहमदाबाद को स्पेशल ट्रेन चलाएगा पश्चिमी रेलवे






