Jayant Chaudhary News: केंद्रीय मंत्री और जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, यह धमकी 18 मार्च को दी गई थी। धमकी देने वाले शख्स ने पहले उनके निजी सहायक विश्वेन्द्र शाह को फोन किया और बाद में व्हाट्सऐप के जरिए भी संदेश भेजकर धमकाया। प्रारंभिक जांच में कॉल करने वाले की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी ‘इस्माइल’ के रूप में हुई है। आरोपी ने फोन पर दावा किया कि उसके पास केंद्रीय मंत्री के आधिकारिक दौरे की योजना की कॉपी भी मौजूद है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है, जबकि पश्चिम बंगाल पुलिस भी जांच में सहयोग कर रही है।
गौरतलब है कि जयंत चौधरी 2024 तक समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थे। हालांकि, लोकसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्र सरकार द्वारा उनके दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह को ‘भारत रत्न’ देने की घोषणा के बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का साथ देने का फैसला किया। चौधरी ने उस समय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर “दिल जीत लिया” लिखकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी थी। लोकसभा चुनाव में NDA की जीत के बाद उन्हें मोदी सरकार 3.0 में कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। वर्तमान में वे राज्यसभा सदस्य भी हैं।
RLD का प्रदर्शन और सरकार में भूमिका
2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उसे 8 सीटों पर जीत मिली। बाद में खतौली उपचुनाव जीतकर पार्टी ने अपनी सीटों की संख्या 9 कर ली। फिलहाल RLD, उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का हिस्सा है। इस बीच, हाल ही में जयंत चौधरी ने किसानों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के माध्यम से किसान बेहतर बाजारों तक पहुंच बना सकते हैं और अपने कारोबार का विस्तार कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाई है, लेकिन इन योजनाओं का पूरा लाभ तभी मिलेगा जब किसान जागरूक होंगे और संगठित होकर काम करेंगे।







