Lakhimpur Kheri: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वर्तमान प्रदेश प्रवक्ता जुगल किशोर को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पार्टी की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य निर्वाचित किया गया है। इस घोषणा के बाद से ही उनके गृह जनपद लखीमपुर खीरी समेत पूरे उत्तर प्रदेश के भाजपा संगठन में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक ने इस निर्णय को जुगल किशोर की वर्षों की मेहनत, संगठन के प्रति निष्ठा और सर्व समाज के प्रति समर्पण का प्रतिफल बताया है।
किशोर का राजनीतिक सफर
जुगल किशोर का राजनीतिक सफर जनता के मुद्दों और संगठनात्मक मजबूती के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा है। प्रदेश प्रवक्ता के रूप में उन्होंने सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने के साथ-साथ विपक्ष के आरोपों का तार्किक और तथ्यात्मक जवाब दिया। वहीं, पूर्व राज्यसभा सांसद रहते हुए उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को आज भी जनपद के विकास में अहम योगदान के रूप में देखा जाता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनकी निरंतर सक्रियता, गरीबों और वंचितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण तथा ‘अंत्योदय’ की भावना को जमीन पर उतारने की क्षमता के चलते उन्हें राष्ट्रीय परिषद जैसे महत्वपूर्ण मंच पर स्थान मिला है।
Lakhimpur Kheri: जिले में उत्सव जैसा माहौल
जुगल किशोर के राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनने की खबर जैसे ही लखीमपुर खीरी पहुँची, जिले भर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर मिठाइयाँ बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खुशी का इज़हार किया गया। उनके पैतृक गांव चुरईपुरवा में विशेष उत्साह देखने को मिला, जहाँ ढोल-नगाड़ों के साथ ग्रामीणों ने इसे गांव और जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया।
बधाई देने वालों का लगा तांता
इस मौके पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। विकासखंड मितौली सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग व्यक्तिगत रूप से और सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएँ प्रेषित कर रहे हैं। मितौली के एडवोकेट बृजेश मिश्रा और वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश मिश्रा ने इसे जनपद के लिए सम्मान बढ़ाने वाला निर्णय बताया। वहीं दिनेश कुमार मास्टर (ग्राम प्रधान प्रतिनिधि), अब्दुल हमीद उर्फ कल्लू (जिला मंत्री, अल्पसंख्यक मोर्चा), सर्वेश सिंह (पूर्व मंडल अध्यक्ष) सहित अनेक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने पुष्पगुच्छ व अंग वस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जुगल किशोर को राष्ट्रीय परिषद में शामिल करना संगठनात्मक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि लखीमपुर खीरी जैसे अहम जनपद की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और प्रभावी ढंग से उठ सकेगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जुगल किशोर सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं और उनके कद के बढ़ने से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
Report By: संजय कुमार राठौर
ये भी पढ़े… खीरी के नकहा स्कूलों में डीएम का ‘रियलिटी चेक’, गंदगी मिलने पर लगाई फटकार






