Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। शहर के अम्बेडकर पार्क में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत एक दिवसीय उपवास रखा और जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष प्रहलाद पटेल की अगुवाई में आयोजित किया गया, जिसमें केंद्र सरकार पर मनरेगा के अस्तित्व को खत्म करने का आरोप लगाया गया।
शास्त्री जी को दी श्रद्धांजलि, संघर्ष का लिया संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित कांग्रेस जनों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने शास्त्री जी के बताए मार्ग पर चलने और गरीबों के हक की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
Lakhimpur Kheri: मनरेगा गरीबों की जीवन रेखा: प्रहलाद पटेल
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण मजदूरों की जीवन रेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस योजना का नाम बदलने और इसके स्वरूप से छेड़छाड़ करने की साजिश रच रही है। पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा की मनरेगा कांग्रेस की देन है जिसने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रीढ़ दी है। यदि इसके संवैधानिक ढांचे से खिलवाड़ हुआ, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। हम सड़क से संसद तक ईंट से ईंट बजा देंगे।
वहीं मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस ने प्रमुख रूप से चार मांगें शासन के समक्ष रखी हैं…
* काम की पूर्ण गारंटी दी जाए।
* मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित हो।
* मनरेगा में किए गए हालिया बदलावों को तत्काल वापस लिया जाए।
* न्यूनतम मजदूरी ₹400 प्रतिदिन निर्धारित की जाए।
जिला कोऑर्डिनेटर शिप्रा अवस्थी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार नाम बदलकर जनता को भ्रमित करना चाहती है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि मजदूरों को न समय पर काम मिल रहा है और न मजदूरी। उन्होंने इसे गरीबों के आत्मसम्मान की लड़ाई करार दिया।कांग्रेस प्रवक्ता रवि तिवारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष रियाज अहमद मोनू, डॉ. रईस अहमद उस्मानी, विपुल गुप्ता, केके मिश्रा अन्नू, इरफान किदवई, रामकुमार वर्मा, राजेश अवस्थी, जावेद अली, शाहजेंद्र दीक्षित, प्रेम वर्मा, अब्दुल कयूम, सुधीर शुक्ला, अनंत राम गौतम और राम शंकर पासी समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Report By: संजय कुमार
ये भी पढ़े: ड्यूटी पर तैनात सिपाही के गिरेबान पर दबंग का हाथ, सहारनपुर से वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप






