Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद में कानून व्यवस्था और पुलिस के इकबाल को ठेंगा दिखाते हुए युवा पीढ़ी के बीच अवैध असलहों का प्रदर्शन एक खतरनाक शौक बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने और इलाके में दहशत फैलाने के लिए युवा खुलेआम अवैध असलहों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर रहे हैं। ताजा मामला थाना खीरी क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक ने हाथ में तमंचा लेकर अपनी फेसबुक स्टोरी पर वीडियो लगाया है।
फेसबुक पर अवैध तमंचे का प्रदर्शन
मिली जानकारी के अनुसार, थाना खीरी क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले करन नाम के युवक ने अपनी फेसबुक आईडी पर एक स्टोरी साझा की है। इस स्टोरी में युवक के हाथ में एक अवैध .315 बोर का तमंचा साफ देखा जा सकता है। युवक बड़े ही बेखौफ अंदाज में असलहे का प्रदर्शन कर रहा है, जैसे उसे पुलिस की कार्रवाई का कोई डर ही न हो। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।

Lakhimpur Kheri: रील और दहशत का बढ़ता चलन
जिले में पिछले कुछ समय से युवाओं के बीच असलहों के साथ रील बनाने और स्टोरी लगाने का चलन तेजी से बढ़ा है। अपनी धौंस जमाने के लिए युवा अवैध हथियारों का सहारा ले रहे हैं। जानकारों का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई के बावजूद युवाओं में कानून का खौफ खत्म होता दिख रहा है। इंटरनेट पर वायरल होते ऐसे वीडियो न केवल अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि समाज में असुरक्षा का माहौल भी पैदा कर रहे हैं।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
सोशल मीडिया पर अवैध असलहे का प्रदर्शन कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में शस्त्र अधिनियम (Arms Act) के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। अब देखना यह है कि फेसबुक पर तमंचा लहराने वाले इस युवक पर खीरी पुलिस कब तक शिकंजा कसती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई दूसरा युवक इस तरह की हिमाकत न कर सके।
ये भी पढ़े… प्यारेपुर में पांच दिनों से जल संकट, बूंद-बूंद को तरसे मोहल्लेवासी, सभासद पर अनदेखी का आरोप






