Home » उत्तर प्रदेश » प्यारेपुर में पांच दिनों से जल संकट, बूंद-बूंद को तरसे मोहल्लेवासी, सभासद पर अनदेखी का आरोप

प्यारेपुर में पांच दिनों से जल संकट, बूंद-बूंद को तरसे मोहल्लेवासी, सभासद पर अनदेखी का आरोप

Lakhimpur Kheri
Spread the love

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी शहर के मोहल्ला प्यारेपुर में पिछले पांच दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण हाहाकार मचा हुआ है। भीषण जल संकट से जूझ रहे मोहल्ले वासियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। स्थिति यह है कि लोगों को दैनिक कार्यों के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे परेशान होकर नागरिकों ने अब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का दरवाजा खटखटाया है।

किराएदारों और स्थानीय निवासियों की बढ़ी मुश्किलें

मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि पानी न आने से सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हो रही है जो किराए के मकानों में रहते हैं। स्थानीय निवासी गुलशाद, मोअज्जम, मुशीर, रिहाना, मोबीन, सब्बी, जमीला बेगम, गुड़िया, महबूब, सलीम, हसीब, अजीम और मोहम्मद सुएब समेत दर्जनों लोगों का कहना है कि वे समझ नहीं पा रहे कि आखिर पानी कहाँ से लाएं। मोहल्ले में सुबह से शाम तक लोग पानी के इंतजाम में भटकते नजर आ रहे हैं।

Lakhimpur Kheri: सभासद पर अनदेखी का आरोप

गुलशाद अली ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय वार्ड मेंबर (सभासद) से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर मोहल्ले वासियों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी शिकायत संख्या 92615300001554 है। फिलहाल यह मामला निस्तारण के लिए अधिशासी अधिकारी (EO) नगर पालिका को भेजा गया है।

डीएम से करेंगे शिकायत

मोहल्ले के लोगों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। नागरिकों का कहना है कि वे जल्द ही नगर पालिका अध्यक्ष ईरा श्रीवास्तव से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे। यदि इसके बावजूद जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो मोहल्ले का एक प्रतिनिधिमंडल जिले की तेज-तर्रार जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल से मिलकर मामले की लिखित शिकायत करेगा। अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन कब तक गहरी नींद से जागता है और प्यारेपुर के निवासियों को इस गंभीर समस्या से निजात दिलाता है।

Report By: Sanjay Kumar

ये भी पढ़े… प्रशासनिक आदेशों को ठेंगा, गुदरिया मेले में बिना अनुमति मौत का कुआं और खतरनाक झूलों का संचालन

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments