Lucknow Pot Theft: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बने प्रेरणा स्थल से कार और स्कूटी पर आए कुछ लोगों द्वारा सजावट के लिए लगाए गए गमले चोरी किए गए ही। जिसके बाद इस मामले में जो भी लोग शामिल है उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। लोगों द्वारा गमले ले जाने के बारे में पता चलते ही प्रेरणा स्थल पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दिया गया है।
पुलिस मौजूद रही, लेकिन किसी को रोका नहीं गया
बता दें, गुरुवार, 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया गया था। इस कार्यक्रम के लिए प्रेरणा स्थल और उसके आसपास के पूरे इलाके को सुंदर फूलों और तरह-तरह के गमलों से सजाया गया था।

जैसे ही प्रधानमंत्री का कार्यक्रम खत्म हुआ और वो वहां से गए उसके कुछ घंटों बाद से ही लोगों ने गमलों को चुराना शुरू कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना के समय पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे। पुलिस द्वारा गमले ले जाने पर रोका तक नहीं गया। इन गमलों की कीमत 90 से 100 रूपये के आसपास बताई जा रही है।
Lucknow Pot Theft: LDA ने बढ़ाई सुरक्षा, लिखित शिकायत दर्ज
करीब एक महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने G-20 सम्मेलन के बाद हुई गमलों की चोरी को लेकर लोगों को सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि उस समय कुछ लोग महंगी कारों, यहां तक कि मर्सिडीज में भी गमले रखकर ले गए थे और ऐसी हरकतें दोबारा नहीं होनी चाहिए।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गमलों की चोरी को लेकर लिखित शिकायत दी जा रही है और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर LDA के सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में युवक ने चोरी का किया विरोध
ग्रीन कॉरिडोर और बसंत कुंज रोड की सुंदरता बढ़ाने के लिए हैंगिंग वॉल लगाई गई थी, जिन पर फूलों और पौधों से सजे छोटे-छोटे गमले टांगे गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद 2 से 3 लोग वहां पहुंचे और गमले उठाने लगे। उन्हें देखकर आसपास मौजूद अन्य लोग भी रुक गए और देखते ही देखते कई लोग गमले लेकर चले गए।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक लोगों को ऐसा करने से रोकने की कोशिश करता है, लेकिन लोग हंसते हुए गमले उठाते रहते हैं। युवक कहता है कि इस तरह की हरकतें लखनऊ की छवि को खराब करती हैं। उसने कहा कि लखनऊ अपनी तहजीब और संस्कृति के लिए दुनियाभर में जाना जाता है और चोरी करना हमारी सभ्यता का हिस्सा नहीं है। यह व्यवहार बेहद शर्मनाक है। उसका कहना था कि इस तरह की घटनाओं से लखनऊ के लोगों को शर्मिंदा होना पड़ेगा। हमें अपने शहर को साफ और सुंदर बनाने में सहयोग करना चाहिए, न कि सार्वजनिक संपत्ति की चोरी करनी चाहिए।
LDA सिक्योरिटी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
LDA के सिक्योरिटी ऑफिसर राजकुमार सिंह ने बताया कि अब इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। लोगों को समझाया जा रहा है और अगर इसके बाद भी कोई नहीं मानता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति स्कूटी पर भाजपा का झंडा लगाकर गमले उठाता नजर आ रहा है। वहीं, एक महिला बुर्का पहनकर स्कूटी से आती है, जल्दी-जल्दी दो से तीन गमले उठाती है और वहां से चली जाती है।
ये भी पढ़ें…डिजिटल अरेस्ट मामले में ईडी का एक्शन, 5 राज्यों में 11 जगहों पर तलाशी







