Maharashtra news: महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर स्वातंत्र्य वीर सावरकर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और एमएलसी प्रसाद लाड ने गुरुवार को महाराष्ट्र विधान परिषद में सावरकर को भारत रत्न देने की मांग उठाई। जानकारी के अनुसार, इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी है। गौरतलब है कि 26 फरवरी को विनायक दामोदर सावरकर की जयंती मनाई जाती है। ऐसे में इस खास मौके पर ही उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।
“ब्रिटिश सरकार भी डरती थी सावरकर से”
प्रसाद लाड ने विधान परिषद में कहा कि सावरकर ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके लेखन और कविताओं से ब्रिटिश हुकूमत भी घबराती थी। लाड के मुताबिक, ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान को समझ सके।
Maharashtra news: प्रस्ताव प्रधानमंत्री के पास भेजा जाएगा
लाड ने बताया कि जब उन्होंने सदन में यह प्रस्ताव रखा तो विपक्ष ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन सभापति ने उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी सकारात्मक रुख दिखाया है। अब यह प्रस्ताव देश के प्रधानमंत्री के पास भेजा जाएगा और आने वाले समय में इसे पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
“राहुल गांधी सावरकर का अपमान करते हैं”
Maharashtra news: बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी राहुल गांधी सावरकर का अपमान करते हैं। लाड ने कहा कि भाजपा और एनडीए पूरी मजबूती से सावरकर के सम्मान के पक्ष में खड़े हैं और उन्हें विश्वास है कि भविष्य में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र में बच्चों की डिजिटल लत पर सरकार सख्त, 16 साल से कम उम्र के लिए बनी टास्क फोर्स






