Manipur Politics news: भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। मंगलवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। अब वे राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और जल्द ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। बैठक में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुग, संबित पात्रा और मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह भी मौजूद रहे।
कुकी-जो समुदाय को साधने की तैयारी, डिप्टी CM का फॉर्मूला
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, कुकी-जो समुदाय को संतुष्ट करने के लिए पार्टी 10 कुकी विधायकों में से किसी एक को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने पर विचार कर रही है। यह कदम राज्य में लंबे समय से जारी सामाजिक तनाव को कम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
Manipur Politics news: दिल्ली में जुटे थे NDA विधायक
मणिपुर से NDA के करीब 20 विधायक रविवार रात दिल्ली पहुंचे थे, जबकि अन्य विधायक सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राजधानी पहुंचे। इन बैठकों के बाद मुख्यमंत्री पद पर सहमति बनी।
Manipur Politics news: राष्ट्रपति शासन के बाद नई सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के 9 फरवरी 2025 को इस्तीफे के बाद राज्य में राजनीतिक संकट गहराया था। इसके चार दिन बाद 13 फरवरी 2025 से मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था। राष्ट्रपति शासन की अवधि 12 फरवरी 2026 को समाप्त हो रही है। भाजपा की कोशिश है कि इस समयसीमा से पहले निर्वाचित सरकार का गठन कर लिया जाए।
ताइक्वांडो में अंतरराष्ट्रीय पहचान
युमनाम खेमचंद सिंह राजनीति के साथ-साथ खेल जगत में भी पहचान रखते हैं। वे पारंपरिक ताइक्वांडो में 5th डैन ब्लैक बेल्ट हासिल करने वाले भारतीय हैं। उन्हें यह प्रमाणपत्र 30 दिसंबर 2025 को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में Global Traditional Taekwondo Federation द्वारा प्रदान किया गया था।
ताइक्वांडो में डैन ब्लैक बेल्ट के बाद के उच्च स्तर को दर्शाता है।
जानिए मैतेई–कुकी हिंसा की पृष्ठभूमि
मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा जारी है, जिसमें अब तक करीब 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।
हिंसा के प्रमुख कारणों में शामिल हैं:
-
मैतेई समुदाय को ST दर्जा देने की मांग
-
कुकी समुदाय की अलग प्रशासनिक व्यवस्था की मांग
-
ड्रग्स तस्करी और अवैध अफीम खेती को लेकर आरोप–प्रत्यारोप
इन मुद्दों को लेकर राज्य में अविश्वास और तनाव लगातार बना हुआ है।
विधानसभा में BJP की स्थिति
60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में इस समय भाजपा के 37 विधायक हैं। 2022 के चुनाव में भाजपा को 32 सीटें मिली थीं, बाद में JD(U) के 5 विधायक भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा का मौजूदा कार्यकाल 2027 तक है।
यह भी पढे़ : लोकसभा में राहुल गांधी की स्पीच पर लगातार दूसरे दिन हंगामा, 8 सांसद सस्पेंड







