Manoj Jha: कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा बिहार सरकार की सराहना किए जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आज भी बिहार की पहचान दूसरे राज्यों को मजदूर सप्लाई करने वाले राज्य के रूप में बनी हुई है।
शशि थरूर की तारीफ पर सवाल
मनोज झा ने कहा कि शशि थरूर एक विद्वान नेता हैं, लेकिन उन्हें बिहार को थोड़ा और गहराई से देखकर आंकना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है, तो बिहार में ऐसा क्यों नहीं हो पा रहा। झा ने कहा कि बिहार के लोग आज भी रोज़गार के लिए केरल, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र जाने को मजबूर हैं।
Manoj Jha: राहुल गांधी के चीन बयान का समर्थन
राहुल गांधी द्वारा बर्लिन में चीन को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए मनोज झा ने कहा कि इसमें हंगामा करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सच्चाई नहीं है कि भारत में संभव चीजें चीन में शिफ्ट हो रही हैं, और क्या किसी राजनीतिक नेता को इस पर चिंता नहीं करनी चाहिए।
जेपी नड्डा के बयान पर पलटवार
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के 2013 के नक्सली हमले को लेकर दिए गए बयान पर मनोज झा ने कहा कि यह बेहद गंभीर आरोप है। उन्होंने सरकार से सबूत पेश करने की मांग की और पुलवामा व पहलगाम जैसी घटनाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ श्रद्धांजलि देकर मामले को खत्म नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़ें…पश्चिम बंगाल के सुंदरबन इलाके में केकड़ा पकड़ने के दौरान बाघ का हमला







