Home » पश्चिम बंगाल » पश्चिम बंगाल के सुंदरबन इलाके में केकड़ा पकड़ने के दौरान बाघ का हमला

पश्चिम बंगाल के सुंदरबन इलाके में केकड़ा पकड़ने के दौरान बाघ का हमला

Bengal News

Bengal News: सुंदरबन के कलस द्वीप के पास केकड़ा पकड़ने गई एक मछुआरा महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घायल महिला की पहचान और घटना का विवरण

घायल महिला की पहचान शंकरी नायक के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना के पाथरप्रतिमा ब्लॉक के सत्यदासपुर इलाके की निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, वह सोमवार को छह सदस्यों के एक दल के साथ छोटी नाव से सुंदरबन में केकड़ा पकड़ने गई थीं। मंगलवार सुबह खाड़ी में काम के दौरान पीछे से आए बाघ ने उन पर हमला कर दिया।

Bengal News: साथियों की बहादुरी से बची जान

घटना के समय साथ मौजूद अन्य मछुआरों ने साहस दिखाते हुए बाघ से संघर्ष किया और किसी तरह शंकरी नायक को उसके चंगुल से छुड़ाया। हालांकि, इस दौरान उनके बाएं हाथ और कंधे पर गहरे जख्म हो गए, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।

मछुआरा परिवारों में फैली दहशत

घायल महिला को पहले ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर काकद्वीप महकमा अस्पताल रेफर किया गया। इस घटना के बाद सुंदरबन से सटे मछुआरा परिवारों में बाघ के आतंक को लेकर डर का माहौल है। वहीं, पीड़िता के पति सुभाष नायक ने कहा कि पेट की मजबूरी में जान जोखिम में डालनी पड़ती है, लेकिन अब वह अपनी पत्नी को दोबारा जंगल नहीं भेजेंगे।

 

ये भी पढ़ें…मेयर के काम न करने से नाराज लोग भूख हड़ताल पर बैठे