Mathura accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में घने कोहरे ने मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण तबाही मचा दी। बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 127 के पास अचानक हुए इस भयावह हादसे में 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के तुरंत बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे कम से कम 4 लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बसों में फंसे मिले मानव अंग
मौके पर पहुंचे राहतकर्मियों ने बताया कि जली हुई बसों में मानव अंग फंसे हुए दिखाई दिए। एक स्थानीय युवक ने दावा किया कि उसने खुद 8–9 शव बसों से बाहर निकाले। कई शव इस कदर झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। प्रशासन के अनुसार अब तक 66 घायलों की पुष्टि हुई है। वहीं, एक चश्मदीद ने बताया कि करीब 20 एम्बुलेंस से 150 से ज्यादा लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। गंभीर रूप से घायलों का इलाज जिला और आसपास के मेडिकल कॉलेजों में चल रहा है।
Mathura accident: कैसे हुआ हादसा? प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा छाया हुआ था। अचानक एक बस की रफ्तार कम हुई, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। स्थानीय निवासी भगवान दास ने बताया, “टक्कर के बाद ऐसा लगा जैसे बम फट गया हो। लोग जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर कूद रहे थे।”

आग में जल गया सब कुछ, यात्री सदमे में
दिल्ली जा रहीं यात्री महिमा पांडे ने बताया कि सबसे पहले एक कार की टक्कर हुई, फिर बसें भिड़ती चली गईं। उनकी बस को तीन बार टक्कर लगी और फिर आग लग गई। उन्होंने कहा, “मेरा पूरा सामान जलकर राख हो गया। यह हादसा मैं जिंदगी भर नहीं भूल पाऊंगी।”
एसपी का कहना है कि घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 127 के पास 7 बसों और 3 कारों की टक्कर हुई, जिसमें 4 लोगों की मौत और 25 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, स्थिति सामान्य है, तथा अन्य यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, SDRF-फायर ब्रिगेड मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही DM और SSP सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। रेस्क्यू जारी है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, NHAI और SDRF के लोग आग बुझाने में लगे हैं। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे पर अचानक घना कोहरा दिखा। 12 से ज्यादा फायर ब्रिगेड वाहन,14 से ज्यादा एम्बुलेंस घटनास्थल पर तैनात हैं। मामूली घायलों को एक्सप्रेस-वे पर ही प्राथमिक उपचार देकर उनके गंतव्य तक भेजा गया। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। फिलहाल दिल्ली जाने वाली लेन बंद है और एक लेन से सीमित आवागमन कराया जा रहा है। मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है।

सीएम योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। सीएम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
ये भी पढ़े… 45 की उम्र में नितिन नबीन को बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा को मिला सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष






