Meerut News: मेरठ में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई जिसमें ड्यूटी पर जा रहे रेलवे कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसे बीच सड़क पर रोककर चाकू से गोद डाला और मौके से फरार हो गए। घायल कर्मचारी सड़क किनारे गिरा तड़पता रहा लेकिन जब तक मदद पहुंची उसकी जिंदगी की डोर टूट चुकी थी।
बात करने के बहाने किया झगड़ा
यह वारदात मुंडाली थाना क्षेत्र के मुंडाली-अजराड़ा संपर्क मार्ग पर रविवार रात करीब 10:30 बजे हुई। मृतक की पहचान भावनपुर क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी विवेक कुमार (35) पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है, जो मेरठ के खरखौदा रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवेक हर रोज की तरह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। इसी दौरान तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। बात करने के बहाने पहले झगड़ा किया और फिर अचानक चाकू निकालकर सीने पर कई वार कर दिए। हमला इतना तेज था कि विवेक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अपराधी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने विवेक को खून से लथपथ हालत में देखा तो कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया और कुछ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल विवेक को सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।
Meerut News: योजना के तहत की गई हत्या
सूत्रों के मुताबिक, यह हत्या पूरी योजना के तहत की गई लगती है। पुलिस प्रारंभिक जांच में यह संभावना देख रही है कि हत्यारे पहले से विवेक का पीछा कर रहे थे और उसकी ड्यूटी टाइमिंग व रूट की जानकारी उन्हें पहले से थी। मौके की परिस्थितियों से यह साफ झलक रहा है कि हत्यारों ने घात लगाकर हमला किया।विवेक की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां उन्होंने हंगामा भी किया। पुलिस अधिकारियों ने समझाकर किसी तरह माहौल शांत कराया। परिवार ने फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।
मुंडाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं। फिलहाल इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ड्यूटी पर जाने वाले एक निर्दोष सरकारी कर्मचारी की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई।
Report BY: यश मित्तल
ये भी पढ़े… दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचे CM योगी






