Home » उत्तर प्रदेश » दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचे CM योगी

दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचे CM योगी

Bareilly News
Spread the love

Bareilly News: फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के असामयिक निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बरेली पहुंचे। सुबह करीब 10:43 बजे मुख्यमंत्री शक्तिनगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और कुछ देर मौन रखकर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों पत्नी, पुत्र और पुत्रियों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे फरीदपुर क्षेत्र और भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने करीब 15 मिनट तक आवास पर रुककर दिवंगत विधायक के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया।

बताया गया कि शुक्रवार को प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के बाद भोजन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनका निधन हो गया। चिकित्सकों के अनुसार, मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया गया है। विधायक के निधन की खबर फैलते ही फरीदपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। आम नागरिकों से लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग उन्हें एक सरल, सहज और समर्पित जनसेवक के रूप में याद कर रहे हैं। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी।

दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का योगदान पार्टी और समाज के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। श्रद्धांजलि देने वालों में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, कैबिनेट व राज्यमंत्री, स्थानीय विधायकगण और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल रहे।

Report By: Mustaqeem Ali

ये भी पढ़े… वरुण धवन ने बॉर्डर-2 के जरिए पाकिस्तान और बांग्लादेश को दिया सख्त इशारा, ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर ये बोला…

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments