Mint Benefits Summer: गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोगों को ठंडा और ताजगी देने वाला खाना ज्यादा पसंद आने लगता है। इस मौसम में कई तरह के रसदार फल तो आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन सब्जियों में पहले जैसी ताजगी नहीं रहती।
ऐसे समय में पुदीना सबसे ज्यादा याद आता है। इसकी खुशबू ही मन को ठंडक और ताजगी का एहसास कराती है और इसका स्वाद भी काफी अच्छा होता है। आमतौर पर लोग पुदीने का इस्तेमाल चटनी या रायते का स्वाद बढ़ाने के लिए करते हैं, लेकिन आयुर्वेद में पुदीने को एक असरदार औषधि माना गया है। गर्मियों के मौसम में यह शरीर के लिए बहुत लाभकारी होता है।

पुदीना देता है ठंडक और आराम
आयुर्वेद के अनुसार पुदीना शरीर में कफ और पित्त को संतुलित रखने में मदद करता है और शरीर को अंदर से ठंडक देता है। इसका स्वाद थोड़ा तीखा और हल्का कसैला होता है, लेकिन जिस भी चीज में इसे मिलाया जाता है उसका स्वाद और बेहतर हो जाता है।
खाना खाने के बाद अगर गैस बनती है या सिर दर्द की समस्या होती है तो पुदीना इसमें भी राहत देता है। इसे अलग-अलग तरीकों से खाने में शामिल किया जा सकता है।

Mint Benefits Summer: पुदीना से पाचन समस्याओं में राहत
गर्मियों में अक्सर तला-भुना या भारी भोजन खाने से खट्टी डकार, पेट में भारीपन और गैस जैसी परेशानियां होने लगती हैं। ऐसे में पुदीना पेट की गर्मी को कम करने में मदद करता है और इन समस्याओं से राहत दिलाता है। यह पाचन तंत्र को शांत करता है और शरीर में बनने वाले अतिरिक्त अम्ल को भी कम करता है।
अगर किसी व्यक्ति को इरिटेबल बाउल सिंड्रोम की समस्या है तो पुदीने का सेवन उसके लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसे चटनी या रायते के रूप में आसानी से खाया जा सकता है।
पुदीना से सिरदर्द और लू में फायदेमंद
गर्मियों में तापमान बढ़ने से कई लोगों को सिर दर्द और घबराहट भी महसूस होती है। पुदीने की तासीर ठंडी होती है और इसमें मेथॉल नाम का तत्व पाया जाता है। जब यह शरीर में जाता है तो दिमाग को ठंडक का संकेत देता है। इसी वजह से पुदीना खाने के बाद शरीर को ठंडक महसूस होती है। गर्मियों में लू से बचाव के लिए भी पुदीने का सेवन काफी असरदार माना जाता है।

बहुत कम लोग जानते हैं कि पुदीना सिर्फ खाने के लिए ही फायदेमंद नहीं है, बल्कि इसे त्वचा पर लगाने से भी लाभ मिलता है। अगर चेहरे पर बार-बार मुंहासे निकलते हैं तो पुदीने का लेप प्रभावित जगह पर लगाया जा सकता है। इससे टैनिंग कम होती है और मुंहासे जल्दी ठीक होने में मदद मिलती है।
इसके अलावा, अगर अक्सर सिर दर्द रहता है तो पुदीने की चाय पीने से राहत मिल सकती है। यह चाय मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक होती है।
ये भी पढ़े…सेलिब्रिटी ब्यूटी सीक्रेट: गर्मियों में पाएं इंस्टेंट ग्लो, आइस वॉटर फेशियल से चेहरे की चमक बढ़ाएं







