Moradabad News: मुरादाबाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में चाइनीज मांझा अब न सिर्फ आम लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है, बल्कि यह बिजली आपूर्ति व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती साबित हो रहा है। पतंगबाजी के दौरान चाइनीज मांझा एक्स्ट्रा हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों में फंसकर बड़े हादसों और घंटों बिजली कटौती का कारण बन रहा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में चाइनीज मांझे के कारण बिजली ट्रिपिंग, करंट लगने और जानलेवा घटनाओं के कई मामले सामने आ चुके हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए चाइनीज मांझे से किसी की मृत्यु होने पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं।
मुरादाबाद में ट्रांसमिशन लाइनों के लिए गंभीर खतरा
मुरादाबाद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में चाइनीज मांझा 132 केवी और 220 केवी की एक्स्ट्रा हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। पतंग उड़ाते समय यह मांझा जब ट्रांसमिशन लाइनों पर फंसता है, तो न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होती है, बल्कि पूरे ट्रांसमिशन नेटवर्क की सुरक्षा पर भी सीधा असर पड़ता है। साथ ही पतंग उड़ाने वाले व्यक्ति के लिए भी यह अत्यंत घातक साबित हो सकता है।

Moradabad News: विद्युत विभाग के लिए बड़ी मुसीबत
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के मुख्य अभियंता (वितरण) अशोक चौरसिया ने बताया कि चाइनीज मांझा ट्रांसमिशन लाइनों के लिए इसलिए बेहद खतरनाक है क्योंकि इसमें धात्विक लेप होता है, जो विद्युत का अच्छा चालक होता है। उन्होंने कहा कि जब यह मांझा एक्स्ट्रा हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों के संपर्क में आता है तो लाइन ट्रिपिंग, फ्लैशओवर और शॉर्ट सर्किट जैसी स्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं। इससे इंसुलेटर, जम्पर और कंडक्टर जैसे संवेदनशील उपकरण क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिसके चलते पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार चाइनीज मांझा न सिर्फ ट्रांसमिशन प्रणाली के लिए, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी जानलेवा है। इसके संपर्क में आने से गंभीर चोट, करंट लगना और कई मामलों में मौत तक हो चुकी है।
Report By: BP Upadhyay
ये भी पढ़े… चाइनीज मांझा बेचने वालों की कमर तोड़ेगी यूपी पुलिस, CM योगी ने दिए छापेमारी के आदेश







