Moradabad News: मुरादाबाद शहर एक बार फिर सनसनीखेज वारदात से दहल उठा। सोमवार देर रात शराब के ठेके पर खड़े एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार इलाके में हुई इस घटना ने लोगों में गुस्सा फैला दिया। मृतक की पहचान पवन चौहान उर्फ प्रिंस चौहान (23) के रूप में हुई है जो रामेश्वर कॉलोनी का निवासी था। वह ग्रेजुएशन का छात्र था और बिजली विभाग में संविदा पर वाहन चालक के रूप में काम करता था। सोमवार रात वह अपने दोस्त मयंक गुर्जर के साथ चिड़िया टोला इलाके से होकर गुजर रहा था तभी उसका सामना पुराने परिचितों से हुआ और विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया।
उधारी के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
सूत्रों के अनुसार भाईदूज के दिन पैसों की उधारी को लेकर प्रिंस और आरोपी प्रशांत सैनी के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार हाथापाई हो चुकी थी। सोमवार को शराब के ठेके पर प्रशांत सैनी उर्फ बंदर यश सैनी और अभि जाटव बैठे थे। तभी प्रिंस स्कूटी से वहां पहुंच गया। प्रशांत ने उसकी स्कूटी पर हाथ मारा तो दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि यश ने प्रिंस को पकड़ लिया और बाकी युवकों ने उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान प्रशांत ने तमंचा निकालकर प्रिंस के सीने में गोली दाग दी। युवक मौके पर ही गिर पड़ा। गोली लगने के बाद आरोपी यह यकीन करने के लिए कि वह मर गया है या नहीं पास रखे पत्थर से उसका सिर कुचलते हुए वहां से फरार हो गए।
Moradabad News: मां का फूट पड़ा दर्द
वारदात की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग साईं अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही शव को बाहर लाया गया माहौल गम और गुस्से से भर गया। युवक की मां सड़क पर बेटे का शव रखकर न्याय की मांग करने लगीं। उन्होंने चीखते हुए कहा जब तक हत्यारे नहीं पकड़े जाएंगे बस आगे नहीं जाएगी। वे एक बस के सामने खड़ी हो गईं जिससे करीब एक किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पूरी रात इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
मामले में जांच के लिए 5 टीमें गठित
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दोनों ग्रुपों के बीच पुराने आपसी झगड़े की बात सामने आई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने एक आरोपी भीम सैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शेष आरोपियों की तलाश में पांच पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से खून के नमूने खून से सनी मिट्टी और आसपास की वस्तुएं जब्त की हैं। साथ ही वाइन शॉप और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की सटीक तस्वीर सामने आ सके। इस निर्मम हत्या से न सिर्फ मृतक के परिवार बल्कि पूरे इलाके में आक्रोश है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी जल्द से जल्द गिरफ्तार हों और कड़ी सजा दी जाए।
ये भी पढ़े… शामली में 50 हजार का इनामी बदमाश ‘समयदीन’ मुठभेड़ में ढेर, बरामद हुआ हथियारों का जखीरा







