mp news: आगर-मालवा जिले के प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में सोमवार को एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया। मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी की 500 रुपए की चप्पल गायब हो गई। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दर्शन के बाद चप्पलें नहीं मिलीं
घटना दोपहर करीब 3:15 बजे की है। अधिकारी ने रसीद काउंटर के पास अपनी चप्पल उतारी थी। दर्शन कर लौटे तो चप्पलें वहां नहीं थीं। मंदिर प्रबंधन की मदद से CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें 3:20 बजे एक युवक चप्पल ले जाते हुए दिखाई दिया।
mp news: आरोपी ने चोरी कबूली
मंदिर मैनेजर विनोद गवली और कर्मचारी नितेश देवड़ा ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पवन (अयोध्याबस्ती, नलखेड़ा) के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने चप्पल ले जाने की बात स्वीकार कर ली। बताया गया कि वह मंदिर में रजिस्टर्ड पुजारी नहीं है, लेकिन हवन और अन्य गतिविधियों में शामिल रहता है।
mp news: बढ़ती चोरी पर चिंता
नायब तहसीलदार ने शिकायत में मंदिर परिसर में जूते-चप्पल और अन्य सामान की बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने BNSS की धारा 170 और 126 के तहत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल शिकायत के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस छिड़ गई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
तंत्र साधना का प्रमुख केंद्र
लखुंदर नदी किनारे स्थित यह मंदिर तंत्र साधकों के लिए विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि यहां मिर्च अनुष्ठान और तांत्रिक साधना से कोर्ट केस में विजय, शत्रु नाश और संतान प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है। मंदिर के गर्भगृह में करोड़ों रुपए के स्वर्ण-रजत आभूषण सजे हैं और सामने 80 फीट ऊंची दीपमाला इसकी भव्यता बढ़ाती है।






