MP NEWS: मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। इंदौर स्थित महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाय अस्पताल) परिसर में 1450 बिस्तरीय अत्याधुनिक अस्पताल भवन के निर्माण का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना पर 773.07 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह अस्पताल न केवल इंदौर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय साबित होगा।
11 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक विस्तार
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश और प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना,नर्सिंग कॉलेजों का विस्तार आधुनिक चिकित्सालयों का निर्माण इन प्रयासों से आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ इलाज मिल रहा है।
MP NEWS: एमवाय अस्पताल बनेगा क्षेत्रीय हेल्थ हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर प्रदेश का गौरव है और एमवाय अस्पताल की पहचान पूरे मध्यप्रदेश में विशिष्ट रही है। नए भवन के निर्माण से प्रदेश के मरीजों को अत्याधुनिक इलाज मिलेगा, सीमावर्ती और पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीजों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि एमवाय अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सेवाएं पहले से ही निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
MP NEWS: गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि अस्पताल भवन का निर्माण गुणवत्ता, आधुनिक मानकों और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग को एकीकृत कर सरकार ने चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाया है, ताकि इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

अस्पताल में मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
नया अस्पताल भवन मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा निर्मित किया जाएगा। इसमें कुल 1450 बिस्तर होंगे, जिनका विभागवार वितरण इस प्रकार होगा – मेडिसिन: 330 बिस्तर, सर्जरी: 330 बिस्तर, ऑर्थोपेडिक्स: 180 बिस्तर, शिशु रोग वार्ड: 100 बिस्तर, मातृ एवं शिशु वार्ड: 100 बिस्तर, न्यूरो सर्जरी: 60 बिस्तर, नेत्र वार्ड: 80 बिस्तर,इमरजेंसी मेडिसिन: 180 बिस्तर होगें।
आधुनिक अधोसंरचना भी होगी शामिल
अस्पताल परिसर में केवल चिकित्सा ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा- 550 बिस्तरीय नर्सिंग हॉस्टल ,250 सीटर मिनी ऑडिटोरियम, पर्याप्त सार्वजनिक पार्किंग, सोलर पैनल और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट इत्यादि।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया। स्वागत उद्बोधन विधायक गोलू शुक्ला ने दिया। इस अवसर पर – नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ,जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी खबरें पढ़े… लाड़ली बहना योजना पर मंत्री विजय शाह का बयान बना सियासी मुद्दा, बढ़ते विवाद के बीच शाम को दी सफाई







