MSP Wheat India: लखनऊ के लोकभवन में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। इसमें कुल 37 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से 35 को मंजूरी दी गई। बैठक में गेहूं खरीद को लेकर अहम निर्णय लिया गया।
30 मार्च से शुरू होगी खरीद प्रक्रिया
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि रामनवमी के बाद 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू होगी, जो 15 जून तक चलेगी। प्रदेश में कुल 6500 क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे।
MSP Wheat India: एमएसपी में वृद्धि, किसानों को अतिरिक्त लाभ
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है, जो पिछले वर्ष से 160 रुपये अधिक है। इसके अलावा किसानों को उतराई, छनाई और सफाई के लिए 20 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त दिए जाएंगे।
MSP Wheat India: खरीद लक्ष्य 30 से बढ़ाकर 50 लाख मीट्रिक टन
खाद्य एवं रसद विभाग ने पहले 30 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय किया था, जिसे मुख्यमंत्री के निर्देश पर बढ़ाकर 50 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है, ताकि किसानों को बेहतर लाभ मिल सके।
ऑनलाइन सिस्टम और DBT से भुगतान
सरकार ने खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पूरी व्यवस्था ऑनलाइन कर दी है। किसानों को भुगतान 48 घंटे के भीतर डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से किया जाएगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
करीब 2 लाख किसानों ने कराया पंजीकरण
अब तक लगभग 1.95 लाख से अधिक किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण करा लिया है। सरकार ने क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पानी और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढे़ : सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, 24 दिन में गोल्ड ₹19 हजार और सिल्वर ₹47 हजार सस्ता







