Munger News: मुंगेर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मुंगेर पुलिस ने नकली सिगरेट के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का तार आईटीसी सिगरेट फैक्ट्री से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री का एक वेंडर रॉ मटेरियल बाहर निकालकर बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट का निर्माण कर रहा था, जिसका कारोबार बिहार से लेकर ओडिशा तक फैला हुआ था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 3800 विभिन्न ब्रांड के खाली सिगरेट डब्बे, 900 पैकिंग पेपर, 17 रोल, 85 लाख 50 हजार रुपये नकद, चार देसी पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस, दो बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले को लेकर एसपी सैयद इमरान मसूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी मो. तौफीक और मो. अकबर अपने घर और गोदाम में अवैध रूप से नकली सिगरेट का निर्माण कर रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक चौबे, जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने नयागांव स्थित मो. अकबर के घर और गोदाम में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली सिगरेट से जुड़े पैकिंग मटेरियल, नकद रुपये और अवैध हथियार बरामद किए गए। इस दौरान गिरोह से जुड़े मो. मुकीर को भी गिरफ्तार किया गया।

Munger News: ITC फैक्ट्री में वेंडर था मुख्य आरोपी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मो. अकबर पिछले तीन वर्षों से मुंगेर स्थित आईटीसी सिगरेट फैक्ट्री में वेंडर के रूप में काम कर रहा था। वह फैक्ट्री से रॉ मटेरियल और पैकिंग मटेरियल अवैध तरीके से बाहर निकलवाता था और अपने भाई मो. तौफीक की मदद से नकली सिगरेट का कारोबार चला रहा था। दोनों भाई मिलकर पिछले करीब चार वर्षों से बिहार के विभिन्न जिलों और ओडिशा में नकली सिगरेट का बड़ा नेटवर्क चला रहे थे। बरामद नकद राशि इसी अवैध कारोबार से अर्जित बताई जा रही है।
10 से अधिक लोगों की संलिप्तता की जांच
एसपी ने बताया कि इस मामले में अब तक 10 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जो मुंगेर, भागलपुर और अन्य जिलों के निवासी हैं। सभी की भूमिका की जांच की जा रही है। इसके साथ ही, नकली सिगरेट के साथ-साथ अवैध हथियार के कारोबार की भी जांच की जा रही है। छापेमारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई है और बरामद नकद राशि की जानकारी सेल्स टैक्स और जीएसटी विभाग को दे दी गई है। कुछ दिन पहले पूरब सराय थाना क्षेत्र के दिलावरपुर में भी छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली सिगरेट और उपकरण बरामद किए गए थे, जिसमें एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई थी। दोनों मामलों की संयुक्त जांच की जाएगी। एसपी सैयद इमरान मसूद ने साफ कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Report By: Sumit Kumar







