Muzaffarnagar News: साल 2025 की विदाई और नए वर्ष के स्वागत के बीच मुजफ्फरनगर पुलिस ने दर्जनों परिवारों को खुशी का अनूठा तोहफा दिया है। जनपद की सर्विलांस टीम ने कड़ी मेहनत और तकनीकी कुशलता का परिचय देते हुए देश के विभिन्न कोनों से गुम हुए 171 मोबाइल फोन बरामद किए हैं जिनकी बाजार में कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।
देशभर में फैला रिकवरी नेटवर्क
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ये मोबाइल फोन केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और उत्तराखंड जैसे राज्यों से बरामद किए गए हैं। यूपी के भीतर भी लखनऊ, कानपुर, बिजनौर और मुरादाबाद जैसे जिलों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इन्हें ट्रैक किया।
Muzaffarnagar News: मिशन शक्ति और महिला सुरक्षा पर जोर
इस बरामदगी की खास बात यह रही कि फोन पाने वालों में बड़ी संख्या महिलाओं की थी। एसएसपी ने इसे मिशन शक्ति अभियान से जोड़ते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में महिलाओं के स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी परेशानी की स्थिति में एंटी-रोमियो स्क्वाड या मिशन शक्ति केंद्र की मदद लेने में संकोच न करें।
अभिभावकों को एसएसपी की डिजिटल नसीहत
नए साल के उपलक्ष्य में मोबाइल वितरित करते हुए एसएसपी ने युवाओं और अभिभावकों को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया आज के दौर में मोबाइल संवाद का जरूरी साधन है लेकिन अभिभावकों को यह नजर रखनी चाहिए कि बच्चे इंटरनेट पर क्या देख रहे हैं। युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं और किसी भी गलत राह पर जाने से बचें।
Muzaffarnagar News: पुलिस टीम को नकद पुरस्कार
इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाते हुए एसएसपी ने उन्हें 20,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की। मोबाइल वापस पाकर लोगों की आंखों में चमक दिखाई दी और उन्होंने मुजफ्फरनगर पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।






