New Delhi: आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर का सियासी घमासान तेज हो चुका है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर पार्टी के बड़े नेता खुलकर हमला बोल रहे हैं। उन्हें पार्टी के प्रति धोखेबाज तक करार दिया जा रहा है।दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज, संजय सिंह समेत पार्टी के कई अन्य नेता उन पर निशाना साध रहे हैं। राघव चड्ढा भी जवाब देने में पीछे नहीं हैं।पार्टी नेताओं के हमलों का जवाब उन्होंने फिल्म “धुरंधर” के एक डायलॉग से दिया है। उन्होंने शनिवार को वीडियो मैसेज शेयर करके कहा कि ‘घायल हूँ इसलिए घातक हूँ।’
राघव के पक्ष में उतरे जयहिंद
आम आदमी पार्टी के बड़े नेता राघव चड्ढा पर आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने सदन में आम आदमी से जुड़े मुद्दे नहीं उठाए हैं। उच्च सदन में पार्टी का उपनेता होने के बावजूद वे जनहित के मुद्दों पर नहीं बोले। दूसरी तरफ राघव चड्ढा ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि जिन लोगों ने मेरी आवाज को दबाया है, उनसे कहना चाहता हूँ कि मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना। मैं वो दरिया हूँ जो वक्त आने पर सैलाब बन जाता है।आम आदमी पार्टी की हरियाणा ईकाई के अध्यक्ष रह चुके नवीन जयहिंद ने भी राघव चड्ढा का पक्ष लेते हुए कहा कि राघव को अरविंद केजरीवाल के घर पर मुर्गा बनाकर पीटा गया। इससे उनकी आँख पर चोट आई और उन्हें इलाज कराने इंग्लैंड जाना पड़ा।
New Delhi: कुमार विश्वास ने की थी भविष्यवाणी
इस बीच पूर्व में आम आदमी पार्टी का हिस्सा रहे कवि कुमार विश्वास का करीब डेढ़ साल पुराना एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, पॉडकास्ट में दिए इंटरव्यू में कुमार विश्वास ने कहा था कि ‘आम आदमी पार्टी में अगला शिकार वह बालक होगा, जिसकी खुद की कोई औकात नहीं, बस वह लोकप्रिय हो गया है। उस बालक ने हीरोइन से शादी कर ली है और सोशल मीडिया पर रील दिखने लगी है। यह नहीं दिखना चाहिए।पॉडकास्ट में कुमार विश्वास ने यह भी कहा था कि ‘जब उसकी शादी हुई थी, तभी मैंने कह दिया था कि अब यह बालक गया। इसको अब ये लोग नहीं छोड़ेंगे।’
New Delhi: क्या बोले पंजाब के कैबिनेट मंत्री
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने पर राज्यों के नेता भी प्रतिक्रिया देने लगे हैं। पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस बारे में कड़ी प्रतिक्रिया दी है। चीमा ने एक बातचीत में कहा, “जब भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को निशाना बनाया, तब राघव चड्ढा ने कभी भी पार्टी का समर्थन नहीं किया। पंजाब के लिए लोगों ने राघव को राज्यसभा के लिए चुना था, लेकिन उन्होंने संसद में जीएसटी राजस्व घाटे या पंजाब को हुए वित्तीय नुकसान से संबंधित एक भी मुद्दा नहीं उठाया।”
चीमा ने कहा, “पंजाब के लोगों और आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने धोखा दिया। ये बर्दाश्त नहीं होगा क्योंकि पंजाब जब भीषण बाढ़ से जूझ रहा था, तभी उन्होंने संसद में ये मुद्दा उठाने से गुरेज किया। इससे साफ पता चलता है कि वह आम आदमी पार्टी की नीतियों के साथ नहीं थे, वह किसी और पार्टी की नीति से सहमत थे।”
ये भी पढ़ें…असम चुनाव से पहले ही मैदान छोड़कर भाग गई कांग्रेस- योगी आदित्यनाथ







