Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने पद संभालने के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। 27 और 28 जनवरी को होने वाला यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस दौरे से बंगाल में कार्यकर्ताओं के बीच ऊर्जा बढ़ेगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
दुर्गापुर में कोर टीम बैठक
दौरे के पहले दिन 27 जनवरी को नितिन नबीन दुर्गापुर में राज्य कोर टीम की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में पार्टी की वर्तमान स्थिति, आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक ढांचे पर विस्तार से चर्चा होगी। वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ प्रमुख पदाधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे।
Nitin Nabin: कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
28 जनवरी को नितिन नबीन का दिन पूरी तरह संगठन को समर्पित रहेगा। सुबह वह दुर्गापुर पूर्वा के चित्रालय मेला मैदान में बर्धमान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर में आसनसोल जिले के रानीगंज में जिला कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करेंगे, जहां जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।
पीएम मोदी की तारीफ और राजनीतिक पृष्ठभूमि
20 जनवरी को अध्यक्ष पद संभालते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को “हमारे बॉस” कहकर संबोधित किया था और उनकी सादगी की सराहना की थी। नितिन नबीन पहले छत्तीसगढ़ और सिक्किम के प्रभारी रह चुके हैं तथा बीजेवाईएम और बिहार भाजपा में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं। उनका यह दौरा बंगाल में भाजपा के लिए नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।







