Nitin Nabin: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। बिहार से पहले वे वह नेता बनेंगे जिन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पार्टी के सभी मुख्यमंत्री, राज्य इकाई प्रमुख और अन्य वरिष्ठ नेता भाजपा मुख्यालय में एकत्र होंगे। संभावना जताई जा रही है कि नितिन नवीन 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाएंगे, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी नेतृत्व उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहा है।
पीएम ने की थी तारीफ
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नवीन की तारीफ करते हुए कहा था कि नितिन नवीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उनके पास संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उनका समर्पण और ऊर्जा पार्टी को और मजबूत बनाएगी। जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि, चाहे वह युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हों या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष, उन्होंने हर जिम्मेदारी निष्ठा और सफलता के साथ निभाई है। बिहार में पांच बार विधायक और मंत्री के रूप में उनके अनुभव ने उन्हें संगठन के लिए अति उपयोगी बनाया है।

Nitin Nabin: नितिन नवीन की राजनीतिक यात्रा
नितिन नवीन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक और दिवंगत नवीन सिन्हा के पुत्र हैं। 23 मई 1980 को पटना में जन्मे नितिन का बचपन पीरमुहानी और लोहरानीपुर इलाके में बीता। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई संत माइकल हाई स्कूल, पटना से की और 12वीं की पढ़ाई के लिए दिल्ली गए। 2005 में उनके पिता का निधन हो गया, जिससे नितिन की पढ़ाई बीच में रुक गई। इसके बाद उन्हें उपचुनाव में पटना पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनाया गया। लगातार जीत हासिल करने के बाद उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और बाद में विभिन्न राज्यों में संगठन प्रभारी के रूप में कार्य किया। 2016 से 2019 तक उन्होंने भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन मजबूत किया और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। छत्तीसगढ़ प्रभारी के रूप में उनके योगदान को पार्टी ने सराहा। बिहार में पांच बार विधायक और तीन बार मंत्री रहे नितिन नवीन ने हाल ही में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के लिए बिहार सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
मां ने निभाई बड़ी भूमिका
नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा ने उनके चुनावी करियर की शुरुआत में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने नितिन को उनके पिता की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए प्रेरित किया। नितिन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव, जो पहले बैंक अधिकारी थीं, अब अपना स्टार्टअप “नविरा इंटरप्राइजेज चला रही हैं। उनके दो बच्चे हैं नैतिक और नित्या नविरा। चुनाव आयोग के शपथ पत्र और हस्ताक्षर में उनका नाम “नितिन नवीन” ही है। हालांकि, अंग्रेजी में वह अक्सर “Nitin Nabin” के नाम से जाने जाते हैं। इसका कारण उनके पिता के नाम पर आधारित पारंपरिक संबोधन है।

भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मण के अनुसार, नामांकन सोमवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक दाखिल होंगे। नामांकन पत्रों की जांच शाम 4 से 5 बजे, और नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया शाम 5 से 6 बजे तक होगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो 20 जनवरी को मतदान किया जाएगा और उसी दिन आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
ये भी पढ़े… मुलायम परिवार में कलह! प्रतीक यादव देंगे पत्नी अपर्णा को ‘तलाक’, जानें क्या है वजह…







