Noida Airport: उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का शनिवार को उद्घाटन कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना देश के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देगी और रोजगार के अवसर बढ़ाएगी। उन्होंने इसे देश का सबसे बड़ा और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा हवाई अड्डा बताया।
पहले चरण में 1.2 करोड़ यात्रियों की क्षमता
करीब 3300 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परियोजना पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पहले चरण में यह हवाई अड्डा हर साल करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा। चारों चरण पूरे होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने की दिशा में अग्रसर होगा, जिसकी पूर्णता की समय सीमा वर्ष 2040 तय की गई है।
नोएडा एयरपोर्ट की यह तस्वीरें देखिए-


Noida Airport: वैश्विक संकट पर पीएम की अपील
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस इस क्षेत्र से प्राप्त करता है, इसलिए सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे आम नागरिकों और किसानों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों को धैर्य और एकजुटता के साथ इस वैश्विक संकट का सामना करना होगा।
Noida Airport: राजनीतिक दलों को दी नसीहत
प्रधानमंत्री ने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि संकट की इस घड़ी में ऐसी बयानबाजी से बचें, जो देश के हितों के खिलाफ हो। उन्होंने कहा कि देशहित सर्वोपरि होना चाहिए और जनता ऐसे आचरण को स्वीकार नहीं करेगी।
हवाई संपर्क और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। देश में हवाई अड्डों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब छोटे शहरों तक भी हवाई संपर्क पहुंच रहा है। साथ ही, विमान रखरखाव और मरम्मत की सुविधाओं को देश में विकसित किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
यह भी पढे़ : ईरान का बड़ा चेतावनी संदेश, “पहले हमला नहीं करते, लेकिन जवाब होगा बेहद कड़ा”







