पारादीप: ओडिशा के पारादीप से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। यहां 23 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर एक ही दिन में दो अलग-अलग लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले ने ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शादी का झांसा देकर बुलाया
पुलिस की मानें तो युवती अपने प्रेमी के बुलावे पर 22 फरवरी को घर से निकली थी। आरोपी ने उसे शादी का वादा कर मंदिर बुलाया था। आरोप है कि मंदिर ले जाने के बजाय वह उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी उसे एक बस स्टैंड पर अकेला छोड़कर फरार हो गया। बस स्टैंड पर अकेली बैठी युवती को एक अन्य व्यक्ति ने मदद का आश्वासन दिया। जानकारी के मुताबिक, वह व्यक्ति झारखंड का रहने वाला है और बाइक से पारादीप आ रहा था। आरोप है कि उसने युवती को अपने किराए के कमरे की छत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पारादीप: गुमशुदगी के बाद खुला मामला
युवती के घर नहीं लौटने पर उसके भाई ने 25 फरवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान यह सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना को लेकर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक निर्दोष महिलाओं को इस तरह की घटनाओं का शिकार होना पड़ेगा। वहीं इस मामले में पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े… सांसद पप्पू यादव का बड़ा बयान बोले- ‘बेटियों की सुरक्षा के लिए 100 गोली खाने को तैयार’






