PM Modi’s claim: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की आधिकारिक पुष्टि के बाद वैश्विक सुरक्षा हालात एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। इसी माहौल में भारत में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत की सैन्य ताकत और हवाई सुरक्षा प्रणाली की मजबूती का जिक्र किया था।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और पाकिस्तान का नाकाम हमला
यह वीडियो जुलाई 2025 का है, जब प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उल्लेख किया था। अपने संबोधन में उन्होंने बताया था कि 9 मई को पाकिस्तान ने भारत पर लगभग एक हजार मिसाइलों और ड्रोन से बड़े हमले की कोशिश की थी। पीएम मोदी के मुताबिक, अगर इनमें से एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर गिरती, तो बड़े पैमाने पर तबाही हो सकती थी, लेकिन भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने इन सभी मिसाइलों और ड्रोन को आसमान में ही नष्ट कर दिया।
PM Modi’s claim: आदमपुर एयरबेस पर झूठ का पर्दाफाश
प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय पाकिस्तान द्वारा आदमपुर एयरबेस पर हमले के दावे को भी सिरे से खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान ने इस झूठ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे अगले ही दिन खुद आदमपुर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर उस दावे को बेनकाब कर दिया। पीएम के अनुसार, इसके बाद पाकिस्तान को यह समझ आ गया कि इस तरह का दुष्प्रचार अब काम नहीं करेगा।
भाजपा आईटी सेल ने फिर साझा किया वीडियो
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में तबाही के दृश्य यह याद दिलाते हैं कि शांति कितनी नाजुक होती है।
PM Modi’s claim: ताकत से आती है शांति
अमित मालवीय ने अपने पोस्ट में कहा कि भारत का तेज और प्रभावी रक्षात्मक जवाब देश की सैन्य ताकत, स्वदेशी रक्षा तकनीक और निर्णायक नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने लिखा, “शांति इत्तेफाक से नहीं, बल्कि तत्परता से बनती है। शांति ताकत से आती है।” मौजूदा वैश्विक हालात में यह बयान एक बार फिर भारत की रणनीतिक तैयारी और राष्ट्रीय सुरक्षा दृष्टिकोण को रेखांकित करता नजर आ रहा है।
ये भी पढ़े… CBI याचिका पर सुनवाई: केजरीवाल–सिसोदिया की रिहाई पर HC का निर्णय






