Share Market Update: बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत लगभग सपाट रही। बीएसई सेंसेक्स 33 अंक यानी करीब 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 78,238 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 30 अंक यानी लगभग 0.12 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 24,231 पर कारोबार शुरू करता नजर आया।
डिफेंस शेयरों से बाजार को सहारा
शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार को सहारा मुख्य रूप से डिफेंस सेक्टर के शेयरों से मिला। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे ज्यादा बढ़ने वाला सेक्टर रहा। इसके अलावा मीडिया, मेटल, फार्मा, पीएसई, एनर्जी, ऑयल एंड गैस, कमोडिटीज और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयर भी बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
दूसरी ओर कुछ सेक्टरों में दबाव भी नजर आया। प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, ऑटो और सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में गिरावट देखी गई, जिसके कारण बाजार पर हल्का दबाव बना रहा।

Share Market Update: मिडकैप-स्मॉलकैप में मजबूती, कई शेयर चढ़े
बाजार में केवल बड़ी कंपनियों के शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 377 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 57,555 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 173 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,647 पर कारोबार करता नजर आया।
अगर सेंसेक्स में शामिल कंपनियों की बात करें तो इंडिगो, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एनटीपीसी, बीईएल, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स, इटरनल, आईटीसी, टाइटन और ट्रेंट के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
वहीं कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, भारती एयरटेल, एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और एमएंडएम के शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखाई दिए।
एशियाई बाजारों में दिखी मजबूती
वैश्विक बाजारों की बात करें तो ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में तेजी का रुख देखा गया। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और जकार्ता के बाजार हरे निशान में खुले। हालांकि, इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार का कारोबार मिला-जुला रहा था।
निवेशकों के व्यवहार पर नजर डालें तो विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बिकवाली जारी रखी। उन्होंने मंगलवार को करीब 4,672.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने बाजार में भरोसा दिखाते हुए लगभग 6,333.26 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.22 डॉलर प्रति बैरल पर था, जबकि ब्रेंट क्रूड 0.48 प्रतिशत नीचे आकर 87.44 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।







