showroom dispute: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज ब्लॉक अंतर्गत बंधुनगर इलाके में जमीन विवाद को लेकर उस वक्त भारी बवाल मच गया, जब टाटा मोटर्स के एक शोरूम और सर्विस सेंटर में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि शोरूम कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और शोरूम के गेट पर ताला जड़ दिया गया।
80 करोड़ की परियोजना, 300 कर्मचारियों पर संकट
बताया जा रहा है कि यह शोरूम वर्ष 2021 में करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से 12 बीघा जमीन पर बनाया गया था, जहां लगभग 300 कर्मचारी कार्यरत हैं। शोरूम प्रबंधन का आरोप है कि पिछले एक महीने से कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपियों द्वारा गार्ड वॉल खड़ी करने और घर बनाने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर हिंसा की गई।
showroom dispute: कर्मचारियों को शोरूम में किया बंद
शोरूम प्रबंधन के अनुसार, हमलावरों ने कर्मचारियों को शोरूम के भीतर बंद कर बाहर से गेट पर ताला लगा दिया। करीब दो घंटे बाद सुबह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ताला खोलकर कर्मचारियों को बाहर निकाला। प्रबंधन का दावा है कि इस पूरे मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री से न्याय की अपील
शोरूम मालिक विशाल अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उल्टा पुलिस ने उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया। मजबूर होकर उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो शोरूम बंद करने पर मजबूर होना पड़ेगा। उनका कहना है कि जब मुख्यमंत्री स्वयं उद्योगपतियों को बंगाल में निवेश का आमंत्रण देती हैं, तब ऐसी घटनाएं निवेश के माहौल पर सवाल खड़े करती हैं।

showroom dispute: दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप
जमीन कब्जाने के आरोपी रफीक हुसैन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विवादित जमीन उनकी है और उनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने उल्टा आरोप लगाया कि शोरूम मालिक ने उनकी 53 डिसमल जमीन पर कब्जा कर रखा है।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
भाजपा नेता निताई मंडल ने दावा किया कि जमीन कब्जे के पीछे सत्तारूढ़ दल के नेताओं का संरक्षण है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन के जिला अध्यक्ष तपन डे ने कहा कि यदि पार्टी का कोई व्यक्ति इसमें शामिल पाया गया तो उस पर कार्रवाई होगी। पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
REPORT BY – PIJUSH






