T20 World Cup: 8 मार्च 2026 का दिन भारतीय टीम और भारतीय फैंस कभी नहीं भूल पाएंगे। तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया है। जानकारी के लिए बता दें कि भारत इकलौती टीम है जिसने टी-20 फॉर्मेट के शुरुआती दौर में ही विश्व कप जीता था, और भारत ही एकमात्र टीम है जिसने इस ट्रॉफी को सबसे ज्यादा बार अपने नाम किया है।

गंभीर की नजर अब 2027 पर
कोच गौतम गंभीर की कोचिंग तकनीक को लेकर फैंस, क्रिकेट एक्सपर्ट्स और टीम के खिलाड़ियों द्वारा अक्सर आलोचनाएं की जाती थीं। लेकिन लगातार दो बार टी-20 विश्व कप का खिताब जिताने के बाद कोच गौतम गंभीर ने सभी आलोचकों को करारा जवाब दे दिया है। अब विश्व कप 2026 की जीत के बाद कोच गौतम गंभीर की नजरें 2027 के विश्व कप पर टिकी हुई हैं।
कोच गौतम गंभीर कहते हैं, “आईपीएल 2026 के समापन के बाद दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप 2027 के रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा। हमारे पास अभी टी-20 विश्व कप में ‘ट्रिपल क्राउन’ है, लेकिन 50 ओवर का विश्व कप जीते हुए लगभग 16 साल हो चुके हैं। नई पीढ़ी ने तो इस विश्व कप को जीतने के लम्हे देखे ही नहीं हैं। आखिरी बार भारत ने वनडे विश्व कप 2011 में जीता था। उस समय मैं टीम का प्रमुख बल्लेबाज था और 2011 का विश्व कप मैंने अपनी बल्लेबाजी से जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार मैं अपनी कोचिंग से टीम को जिताने की कोशिश करूंगा।”

T20 World Cup: आईपीएल के बाद वनडे क्रिकेट में बदलाव
आधुनिक क्रिकेट कैलेंडर की संकुचित प्रकृति का मतलब है कि वनडे क्रिकेट अक्सर टी-20 और टेस्ट मैचों के पीछे छूट जाता है। इस अंतर को पहचानते हुए गंभीर ने जल्दी और आक्रामक योजना की आवश्यकता पर जोर दिया है। मुख्य कोच का मानना है कि आगामी आईपीएल सीजन के तुरंत बाद की अवधि कोर टीम तैयार करने के लिए सबसे उपयुक्त समय होगी।
गंभीर ने कहा,“2027 विश्व कप की योजना आईपीएल के बाद शुरू होगी। आईपीएल 2026 और विश्व कप के बीच लगभग 25 से 30 वनडे मैच खेले जाएंगे। यह फॉर्मेट इन दोनों के बीच बहुत ज्यादा नहीं खेला जाता है। हम जितनी जल्दी योजना बनाना शुरू करेंगे, यह हमारे लिए उतना ही बेहतर होगा।”

कैसे करेंगे गौतम गंभीर मुख्य खिलाड़ियों की पहचान
2027 में विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका करेगा। दक्षिण अफ्रीका के मैदान अतिरिक्त उछाल और गति के लिए जाने जाते हैं। यहां की परिस्थितियां मेहमान बल्लेबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होती हैं।
भारतीय कोच गौतम गंभीर ने चयन प्रक्रिया के लिए “ऑल फॉर्मेट” (All Format) रणनीति की पुष्टि की है। इस प्रक्रिया के तहत कोच गौतम गंभीर सभी फॉर्मेट में खेल रहे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे। इससे यह तय किया जाएगा कि कौन सा खिलाड़ी विश्व कप 2027 की टीम के लिए सबसे मजबूत दावेदार साबित हो सकता है।
Written by- Adarsh kathane







