Triple Talaq news: दिवंगत शायर मुनव्वर राणा की बेटी हिबा राणा ने अपने पति और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक का गंभीर आरोप लगाते हुए लखनऊ में मुकदमा दर्ज कराया है। हिबा की तहरीर पर सआदतगंज थाना पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद बढ़ती गई दहेज की मांग
हिबा राणा ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब से सुन्नी रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के समय परिवार की ओर से सोने-हीरे के जेवरात और करीब 10 लाख रुपये नकद दहेज दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने शादी के बाद 20 लाख रुपये और एक फ्लैट की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी।
Triple Talaq news: मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता का कहना है कि मांगों का विरोध करने पर पति द्वारा मारपीट की जाती थी और जान से मारने की कोशिश भी हुई। ससुर पर भी लगातार दहेज को लेकर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया गया है। हिबा के अनुसार, वैवाहिक जीवन बचाने के लिए मायके पक्ष ने कई बार मांगें पूरी कीं, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
Triple Talaq news: तीन तलाक देकर घर से निकाले जाने का दावा
हिबा ने आरोप लगाया कि 9 अप्रैल 2025 को पति ने गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की और तीन बार तलाक कहकर उन्हें घर से धक्के मारकर निकाल दिया। इस दौरान दोनों बच्चों एक बेटे और एक बेटी को कमरे में बंद कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
सआदतगंज थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ : 15 मिनट में निवेशकों की झोली में ₹13 लाख करोड़, इन 5 वजहों से शेयर बाजार ने भरी उड़ान







