Tulsi Puja Thursday: हिंदू धर्म में तुलसी को अत्यंत पूजनीय और पवित्र माना गया है। कोई भी पूजा, खासतौर पर भगवान विष्णु की उपासना, तुलसी के बिना अधूरी मानी जाती है। श्रीहरि का भोग भी तुलसी दल के बिना पूर्ण नहीं होता। कहा जाता है कि तुलसी विष्णु जी को अत्यंत प्रिय है।

नारायण संग तुलसी उपासना
कार्तिक मास में देवउठनी एकादशी के दूसरे दिन, यानी द्वादशी तिथि को, तुलसी का विवाह शालिग्राम भगवान के साथ कराया जाता है। शालिग्राम को भगवान विष्णु का ही दूसरा रूप माना जाता है। वहीं सप्ताह में गुरुवार का दिन विष्णु जी को समर्पित होता है। ऐसे में गुरुवार के दिन नारायण के साथ-साथ तुलसी पूजा का भी विशेष महत्व होता है।
Tulsi Puja Thursday: गुरुवार के दिन तुलसी पूजा का धार्मिक महत्व
गुरुवार के दिन सुबह के समय तुलसी में जल अर्पित करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। वहीं शाम के समय तुलसी के पास दीपक जलाने से घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है। इसके अलावा, गुरुवार के दिन तुलसी में कुछ विशेष चीजें चढ़ाने से धन से जुड़ी परेशानियां दूर होती हैं और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। आइए जानते हैं कि गुरुवार के दिन तुलसी में क्या-क्या शुभ चीजें चढ़ानी चाहिए।

कच्चा दूध अर्पित करने से गुरु ग्रह होता है मजबूत
गुरुवार के दिन तुलसी जी को कच्चा दूध अर्पित करना शुभ माना जाता है। इसके लिए जल में थोड़ा सा कच्चा दूध मिलाकर तुलसी जी को चढ़ाएं। जो व्यक्ति गुरुवार को तुलसी जी को कच्चा दूध अर्पित करता है, उसकी कुंडली में सुख, वैभव और संपन्नता का कारक माने जाने वाला गुरु ग्रह मजबूत होता है। इससे मानसिक शांति की प्राप्ति होती है और आर्थिक स्थिति में सुधार आता है।
हल्दी चढ़ाने से दूर होती है आर्थिक तंगी
सनातन धर्म में हल्दी का अत्यंत महत्व है। खासकर यदि गुरुवार के दिन हल्दी तुलसी जी को अर्पित की जाए, तो इसका महत्व और बढ़ जाता है। इसके लिए सात हल्दी की गांठें लें और उन्हें तुलसी जी को चढ़ा दें। ऐसा करने से परिवार में आई आर्थिक तंगी दूर होती है। धन लाभ के साथ-साथ व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

लाल चुनरी से तुलसी माता की विशेष कृपा
गुरुवार के दिन तुलसी माता को लाल रंग की चुनरी अर्पित करना बहुत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि यदि कोई श्रद्धालु तुलसी को लाल चुनरी चढ़ाता है, तो उसके घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। साथ ही उसका दांपत्य जीवन भी सुखद बना रहता है। जिस परिवार पर मां तुलसी का आशीर्वाद होता है, उसके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ जाता है।







