UP BJP President: उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के राजनीतिक सफर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक का बेहतरीन उदाहरण’ बताया है। लखनऊ में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान गोयल ने कहा कि पंकज चौधरी का सरल स्वभाव, मजबूत जनसंपर्क और संगठन के प्रति समर्पण उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए सबसे उपयुक्त बनाता है।
पीयूष गोयल ने की औपचारिक घोषणा
भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी गई है। उनके नाम की औपचारिक घोषणा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की। घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
UP BJP President: सात बार सांसद बनना नेतृत्व का प्रमाण
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के राजनीतिक जीवन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही संसदीय क्षेत्र से सात बार सांसद चुना जाना उनकी कार्यशैली, जनसेवा और भरोसेमंद नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी का स्वभाव सहज, मिलनसार और हंसमुख है तथा वे कभी अपने पद का दंभ नहीं दिखाते।

UP BJP President: सपा शासनकाल बनाम भाजपा सरकार
पीयूष गोयल ने सपा शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में पहली बार लखनऊ आने पर उन्हें भरे बाजार व्यापारी श्रवण साहू की हत्या की खबर मिली थी। उस दौर में प्रदेश माफिया राज, अराजकता और भय के माहौल से जूझ रहा था, जिससे निवेश और विकास प्रभावित हो रहा था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद कानून-व्यवस्था में निर्णायक सुधार हुआ है।
राम मंदिर और सांस्कृतिक चेतना का उल्लेख
राम मंदिर आंदोलन का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद मंदिर निर्माण पूरा हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर को शास्त्रोक्त विधि से ध्वजारोहण कर मंदिर निर्माण पूर्ण होने की घोषणा की, जो देश की सांस्कृतिक चेतना और आस्था का प्रतीक है।
मोदी-योगी नेतृत्व में बदला यूपी
पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास आज एक जन आंदोलन बन चुका है। गरीब, किसान, महिला और युवा—हर वर्ग को सशक्त किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने भूमाफिया, खनन माफिया और शराब माफिया से मुक्ति पाकर नई पहचान बनाई है।
2027 में रिकॉर्ड तोड़ जीत का दावा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होगा और सपा के ‘फर्जी पीडीए’ की राजनीति को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतकर नया रिकॉर्ड बनाएगी।
‘पार्षद से सांसद तक का प्रेरक सफर’
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पंकज चौधरी ने पार्षद से सांसद तक का सफर तय कर संगठन को मजबूत किया है। वित्त राज्य मंत्री के रूप में उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बनाए रखा।
ये भी खबरें पढ़े… यूपी भाजपा की कमान पंकज चौधरी के हाथ: सात बार के सांसद बने प्रदेश अध्यक्ष, संगठन ने खेला ओबीसी दांव







