UP Expressway: दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। उन्हें अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
क्या था मामला?
मामला कुछ दिन पहले का है, जब एलीवेटेड रोड पर अज्ञात लोगों ने स्प्रे पेंट का इस्तेमाल कर विवादित संदेश लिखा। संदेश में एक विशेष समुदाय को हाईवे पर प्रवेश न करने की सलाह दी गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया। घटना के बाद NHAI कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जांच में पता चला कि आरोपियों का संबंध हिंदू रक्षा दल से है। मामले के दौरान कुछ और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें आरोपियों ने पुलिस और प्रशासन को चुनौती दी।

UP Expressway: सहारनपुर पुलिस क्या बोली?
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से देहरादून और आसपास के इलाकों में छापेमारी की। नफरत फैलाने वाली मुख्य आरोपी महिलाएं और उनका सहयोगी युवक गिरफ्तार किए गए। वहीं इस मामले में सहारनपुर पुलिस का कहना है कि जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और नफरत फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







