UP Foundation Day: उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि असीम संभावनाओं से भरा उत्तर प्रदेश आज संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकलकर भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
सांस्कृतिक चेतना का केंद्र रहा है उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जारी वीडियो संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ही भारत की संस्कृति, साहित्य, संगीत, कला और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है। अयोध्या की मर्यादा, काशी की शाश्वत चेतना, ब्रज धाम की भक्ति और प्रयागराज की समरसता ने सदियों से भारतीय संस्कृति को दिशा और ऊर्जा दी है।
UP Foundation Day: सुशासन से बदली यूपी की तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि अमृतकाल में प्रदेश सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संजोते हुए समावेशी विकास के संकल्प को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दृढ़ संकल्प के साथ कानून और सुशासन का राज स्थापित किया है, जिससे प्रदेश में निवेश और विकास का माहौल बना है।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि लेबर रिफॉर्म, एमएसएमई, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट जैसी योजनाओं ने उत्तर प्रदेश को लोकल से ग्लोबल की दिशा में अग्रसर किया है। इन प्रयासों से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं और प्रदेश औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनकर उभरा है।
UP Foundation Day: महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य में बड़ी प्रगति
सीएम योगी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के प्रयासों के चलते महिलाओं की श्रमबल भागीदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंची है। वहीं मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और हेल्थ टेक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हुई हैं।
कनेक्टिविटी से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जल, थल और नभ की मजबूत कनेक्टिविटी ने व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति दी है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क में हुई अभूतपूर्व प्रगति ने प्रदेश को नया आत्मविश्वास दिया है।
UP Foundation Day: सांस्कृतिक पुनर्जागरण की स्वर्णिम गाथा
उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा से लेकर संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की स्वर्णिम गाथा लिखी जा रही है। यह अवसर विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने और उसे आगे बढ़ाने का है।
प्रवासी उत्तर प्रदेश वासियों से जुड़ने का आह्वान
सीएम योगी ने विदेशों में रह रहे प्रवासी उत्तर प्रदेश वासियों को भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रवासी भाइयों और बहनों ने अपने परिश्रम और प्रतिभा से प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। सरकार उनके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
UP Foundation Day: औद्योगिक क्षमता का सशक्त प्रमाण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के मोबाइल फोन उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का लगभग 60 प्रतिशत निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है, जो प्रदेश की बढ़ती औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है।
ये भी पढ़े… योगी राज में धर्म परिवर्तन के आरोपों पर एक्शन, 5 मुस्लिम लड़कियों के खिलाफ FIR दर्ज







