Up News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पंचायत चुनाव से पहले एक युवक द्वारा किया गया शक्ति प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया है। मंगलवार को अमरपुर गांव निवासी शिशुपाल यादव ने अपने समर्थकों के साथ 55 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकाला। इस जुलूस में ऑडी, थार, स्कॉर्पियो, बलेनो और इनोवा जैसी गाड़ियां शामिल थीं। कई वाहनों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के झंडे लगे थे, जबकि कुछ में हूटर भी बज रहे थे।
‘राव साहब’ वाली ऑडी और डीजे के साथ भौकाल
काफिले की अगुवाई लाल रंग की ऑडी ने की, जिसकी नंबर प्लेट पर ‘राव साहब’ लिखा था। तेज आवाज में डीजे बजाते हुए और सड़क पर स्टंट करते हुए यह जुलूस गांव की सड़कों पर 10 किलोमीटर तक चलता रहा। कई युवक खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाते नजर आए।
Up News: शिशुपाल यादव की राजनीतिक तैयारी और परिवार का बैकग्राउंड
शिशुपाल यादव आगामी पंचायत चुनाव में प्रधान पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। उनके पिता वीरन यादव पहले चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन हार गए थे। परिवार के पास करीब 4 एकड़ जमीन है, जिसमें से एक एकड़ जमीन औद्योगिक प्राधिकरण को बेचकर करोड़ों रुपये का मुआवजा मिला था।
सोशल मीडिया पर खुद किया वीडियो शेयर
शिशुपाल यादव ने इस शक्ति प्रदर्शन का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया, जिसमें उन्होंने खुद को “भावी प्रधान” बताया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।
Up News: पुलिस और पंचायत चुनाव की तैयारियां
रक्सा थाना प्रभारी ने कहा कि उन्हें इस जुलूस की कोई सूचना नहीं थी। वहीं, पंचायत चुनाव को लेकर यूपी सरकार पूरी तरह तैयार है। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने साफ किया कि चुनाव अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच होंगे और सभी जिले इसके लिए तैयार हैं।
Report By: प्रवीण भार्गव
ये भी पढ़े…सरकार की टैक्सी सर्विस आज से शुरू, अमित शाह बोले-‘भारत टैक्सी’ से मिलेगा सम्मान और हक







