UP News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला एक बार फिर चर्चा में है। करीब दस महीने पहले बेटी के मंगेतर के साथ घर छोड़कर जाने वाली शादीशुदा महिला अब कथित रूप से उस युवक को भी छोड़कर अपने बहनोई के साथ फरार हो गई है। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
सगाई के बाद शुरू हुई नजदीकियां
जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय पिंकी (बदला हुआ नाम) की बेटी की शादी मनोज (बदला हुआ नाम) से तय हुई थी। सगाई के बाद मनोज का अपनी होने वाली सास से संपर्क बढ़ा। बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। आरोप है कि शादी से महज 12 दिन पहले पिंकी अपने पति और बच्चों को छोड़कर मनोज के साथ चली गईं।
घटना उस समय काफी सुर्खियों में रही थी। मामला थाने पहुंचा तो दोनों बालिग होने के कारण पुलिस के सामने साथ रहने की इच्छा जताई। महिला ने अपने पति और परिवार से अलग होकर मनोज के साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद दोनों अलीगढ़ छोड़कर बिहार के सीतामढ़ी जिले में रहने लगे। बताया जाता है कि वहां मनोज फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करने लगा और दोनों साथ रह रहे थे।
6 फरवरी को अचानक लापता
अब इस कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। मनोज का आरोप है कि 6 फरवरी को वह रोज की तरह काम पर गया था। जब वह शाम को वापस लौटा तो पिंकी घर से गायब थीं। उसने दावा किया कि महिला दो लाख रुपये नकद और कीमती गहने भी साथ ले गई है। मनोज ने यह भी आरोप लगाया है कि पिंकी अब अपने ही बहनोई के साथ चली गई हैं। इस दावे के बाद मामला और उलझ गया है। युवक ने अलीगढ़ के दादों थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।

वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कथित रूप से महिला के लापता होने की घटना बिहार के सीतामढ़ी जिले की है, इसलिए यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर आता है। हालांकि, शिकायत के आधार पर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित राज्य की पुलिस से संपर्क साधा जा सकता है।
परिवार में मचा हड़कंप
घटना के सामने आने के बाद दोनों परिवारों में एक बार फिर हलचल मच गई है। दस महीने पहले भी इस रिश्ते को लेकर सामाजिक स्तर पर काफी चर्चा हुई थी। अब बहनोई के साथ जाने के आरोपों ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। महिला की लोकेशन और परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
ये भी पढ़े… मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी अमजद मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल







