UP News: अमरोहा जनपद के हसनपुर कस्बे में महिलाओं से छेड़छाड़ और धमकी के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। गाजियाबाद की लोनी विधानसभा से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वह हसनपुर पहुंच गए और थाने जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। विधायक ने पीड़ितों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
क्या बोले विधायक?
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बताया कि कस्बे में रास्ते पर अतिक्रमण कर रखे गए खोखे के पास बैठने वाले कुछ युवक महिलाओं से बदतमीजी, छेड़छाड़ और वीडियो बनाने की हरकत कर रहे हैं। आरोप है कि एक महिला जब अपने पति के साथ वहां से गुजर रही थी, तब भी उसके साथ छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपित युवक लोहे की रॉड लेकर दौड़ पड़े, हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बचा लिया गया। विधायक का आरोप है कि घटना को लेकर तीन दिन पहले पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर का रवैया गैर-जिम्मेदाराना रहा और छेड़छाड़ की घटना से ही इनकार कर दिया गया, जबकि पीड़ित महिलाएं सम्मानित परिवारों से हैं। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि जिस मोबाइल से महिलाओं की वीडियो बनाई गई थी, उसमें मौजूद वीडियो एक सिपाही द्वारा डिलीट कर दी गई और उल्टा पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया गया। उनके घर पर रेड कर समझौते के लिए डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रशासनिक स्तर पर तालमेल की कमी और भूमाफियाओं से सांठगांठ के आरोप भी लगाए। उन्होंने बताया कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने अतिक्रमण हटाने और रास्ता खुलवाने की जिम्मेदारी एसडीएम की बताई है। विधायक के अनुसार, उन्होंने पुलिस कप्तान से भी इस मामले में बात की है और साफ कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना को तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज न होना बेहद चिंताजनक है। यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। विधायक की मौजूदगी के दौरान थाने और आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

UP News: प्रशासन की कार्रवाई पर लोगों की नजरें
विधायक ने स्पष्ट किया कि यह मामला किसी समुदाय विशेष से जुड़ा नहीं है, बल्कि बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर पूरे इलाके की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… हाईवे पर बिखर गए सपने! उन्नाव में ट्रक हादसे ने छीन लिया पूरा परिवार, माता-पिता समेत दो मासूमों की मौत







