UP News: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सांप्रदायिक सौहार्द्र और आस्था की अनूठी तस्वीर सामने आई है। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर संभल के लिए निकली एक मुस्लिम महिला का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह महिला संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई की रहने वाली तमन्ना मलिक हैं। वायरल वीडियो बिजनौर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कंधे पर कांवड़ रखे पैदल चलती नजर आ रही हैं। उनके साथ चल रहे कांवड़िये “बम-बम भोले” और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते दिखाई दे रहे हैं।
तमन्ना मलिक ने बताया कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पूर्व अमन त्यागी से विवाह किया था। उनके दो पुत्र हैं। वह 10 फरवरी को हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुई थीं। यात्रा के दौरान वह नूरपुर से नौगांवा सादात और अमरोहा होते हुए संभल पहुंचेंगी। शनिवार तक उनके असमोली पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन वह क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक करेंगी। उनका कहना है कि जब अन्य श्रद्धालुओं को कांवड़ लाते देखती थीं तो उनके मन में भी श्रद्धा का भाव जागृत हुआ। इसी भावना के साथ उन्होंने कांवड़ यात्रा का संकल्प लिया।
तमन्ना मलिक ने कहा कि वह अपने धर्म का पालन करती हैं और अपने पति के धर्म का भी सम्मान करती हैं। उनके पति अमन त्यागी का कहना है कि दोनों अपने-अपने धर्म के अनुसार जीवन यापन करते हैं और एक-दूसरे के धार्मिक विश्वासों में कोई हस्तक्षेप नहीं करते।
महाशिवरात्रि के अवसर पर यह पहल क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द्र और पारस्परिक सम्मान की मिसाल के रूप में देखी जा रही है।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… वैलेंटाइन डे के विरोध में शिव सैनिकों का अभियान तेज, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को सौंपे चेतावनी पत्र






