UP News: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती और जीरो टॉलरेंस की नीति के बीच बस्ती जिले के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में तैनात बड़े बाबू प्रदीप श्रीवास्तव का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो में प्रदीप श्रीवास्तव एक सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी से एरियर भुगतान के बदले 45 हजार रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
बाबू प्रदीप श्रीवास्तव ने मांगी रिश्वत
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला कर्मचारी सुनीता वर्मा का विभाग में लंबे समय से एरियर बकाया था। भुगतान नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए विभाग को चार सप्ताह के भीतर एरियर भुगतान करने का आदेश दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद फाइल आगे बढ़ाने के लिए बड़े बाबू प्रदीप श्रीवास्तव ने रिश्वत की मांग की। पीड़िता का कहना है कि बाबू ने साफ शब्दों में कहा था कि बिना पैसे दिए कोर्ट के आदेश के बावजूद फाइल आगे नहीं बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि बाबू की इस मांग से परेशान होकर पीड़िता ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। जब बाबू 45 हजार रुपये की रकम ले रहे थे, उसी दौरान पीड़िता के भाई ने मोबाइल फोन से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो में कथित तौर पर बाबू को आराम से नोटों की गिनती करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर कर्मचारियों के बीच भी चर्चा और नाराजगी का माहौल है।
UP News: सख्त कार्रवाई होगी
वहीं इस मामले के सामने आने के बाद बस्ती के मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजीव कुमार निगम ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर लग रहा है। जांच कराई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित महिला कर्मचारी सुनीता वर्मा का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद उनसे एरियर भुगतान के लिए रिश्वत मांगी जा रही थी। ऐसे में मजबूरी में उन्हें इस पूरे मामले को उजागर करना पड़ा।
ये भी पढ़े… ‘वायरल वीडियो, QR कोड और लाखों की उगाही…’ तरुण हत्याकांड मामले में आया नया एंगल, पुलिस ने कसा शिकंजा







