UP News: उन्नाव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म के पास नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक अजगैन कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भयावह था कि हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी समारोह से लौटते वक्त उजड़ा परिवार
जानकारी के मुताबिक वीरेंद्र (35) अपनी पत्नी रीतू (33), बेटी अनुराधा (9) और बेटे रुद्र (6) के साथ लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर बुधवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ पीछे दूसरी बाइक पर उनकी बड़ी बेटी नैनसी (15) अपने मौसा रंजीत के साथ चल रही थी। भल्ला फार्म तिराहे के पास वीरेंद्र ने पीछे आ रही बाइक का इंतजार करने के लिए अपनी बाइक रोकी ही थी कि तभी तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में टक्कर मार दी। अनियंत्रित ट्रक पलटते हुए परिवार की बाइक को कुचलता हुआ निकल गया।

इस हादसे में वीरेंद्र, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे चल रही बड़ी बेटी नैनसी चमत्कारिक रूप से बच गई। अपनों की हालत देखकर नैनसी बदहवास हो गई और मौके पर ही बेहोश हो गई। यह मंजर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गया।
UP News: पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक उन्नाव और क्षेत्राधिकारी हसनगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। एक ही पल में हंसता-खेलता परिवार खत्म हो गया और एक मासूम बेटी के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
Report By: पंकज कुमार
ये भी पढ़े… लखीमपुर में तेज रफ्तार का कहर, कार-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दो की हालत नाजुक







