UP Politics: सहारनपुर में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश कानून के शासन पर चल रहा है जहां अपराधियों की कोई जगह नहीं बची है। भाजपा सरकार की सख्त नीतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी या तो जेल की सलाखों के पीछे हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं।
कांग्रेस अब इतिहास बनने की राह पर
मौर्य ने आत्मविश्वास से कहा कि भाजपा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 2029 तक भी प्रदेश में मजबूत सत्ता बनाए रखेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ताकत जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की अनवरत मेहनत है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कांग्रेस अब इतिहास बनने की राह पर है जबकि सपा अपराध की राजनीति की फैक्ट्री बन चुकी है। डिप्टी सीएम ने याद दिलाया कि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश जंगलराज का प्रतीक बन गया था। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से गाजीपुर तक अपराध का नेटवर्क फैला दिया गया था और जनता खुद को असुरक्षित महसूस करती थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करते हुए कानून का राज स्थापित किया है।
UP Politics: चौथी बार भी देश का नेतृत्व करेंगे PM मोदी
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए मौर्य ने कहा कि 140 वर्ष पुरानी यह पार्टी आज खोखले वादों में सिमट गई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि आजादी के संघर्ष का श्रेय लेकर अब वह देश को तोड़ने वाली राजनीति कर रही है। कांग्रेस अब केवल भ्रम फैलाकर राजनीति करने की कोशिश कर रही है लेकिन जनता उसकी सच्चाई जान चुकी है उन्होंने कहा। लोकसभा चुनाव 2024 को याद करते हुए मौर्य ने कहा कि विपक्ष ने भाजपा के खिलाफ अफवाहें फैलाईं जैसे कि संविधान खत्म हो जाएगा या आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। लेकिन जनता ने इन झूठों को नकारते हुए तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनादेश दिया। मौर्य ने दावा किया कि मोदी चौथी बार भी देश का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने हरियाणा पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के हालिया नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की सफलता यह साबित करती है कि जनता विपक्ष के दुष्प्रचार में नहीं फंसती। पश्चिम बंगाल की राजनीति पर मौर्य बोले कि वहां की जनता हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति से ऊब चुकी है और देर-सवेर वहां भी कमल खिलेगा। अंत में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस निष्पक्ष चुनावों से डरती हैं। फर्जी वोटिंग के दिन अब खत्म हो चुके हैं भाजपा पारदर्शी और स्वच्छ लोकतंत्र में विश्वास करती है मौर्य ने कहा।
ये भी पढ़े… दिन में ‘सफेद’, रात में ‘काला’, मोहम्मदी में खनन माफियाओं का खुला खेल, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल?






