Uttarakhand news: उत्तराखंड के ऊंचे गढ़वाल हिमालय में स्थित पवित्र केदारनाथ मंदिर के कपाट इस साल 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। करीब छह महीने शीतकालीन अवकाश के बाद बाबा केदार के दर्शन फिर से शुरू होंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा रविवार को की गई।
महाशिवरात्रि पर निकला शुभ मुहूर्त
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने पंचांग गणना कर कपाट खुलने की तिथि तय की। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे वृष लग्न में खोले जाएंगे। इस मौके पर मंदिर को करीब साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम में मुख्य पुजारी रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी समेत कई गणमान्य लोग और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
Uttarakhand news: ‘जय बाबा केदार’ के जयकारे
कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने ‘जय बाबा केदार’ के जयकारे लगाए और भंडारों में प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उत्तराखंड के चारों धामों की तिथियां भी तय कर दी गई हैं: गंगोत्री धाम – 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया), यमुनोत्री धाम – 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया), केदारनाथ मंदिर – 22 अप्रैल, बदरीनाथ धाम – 23 अप्रैल।
यात्रा की तैयारियां तेज
Uttarakhand news: कपाट खुलने की घोषणा के साथ ही प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। मार्ग से बर्फ हटाने, सड़क और संचार व्यवस्था दुरुस्त करने, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं। हिमालय की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए इस बार भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
ये भी पढ़े: अपराध से अर्थव्यवस्था तक: योगी के 9 सालों में कैसे बदला उत्तर प्रदेश






